राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को कल होगा सितंबर माह के वेतन और पेंशन का भुगतान

देहरादून। केंद्र के बाद अब उत्तराखंड में भी कर्मचारियों और पेंशनर्स को सितंबर माह का वेतन और पेंशन भुगतान समय से पहले मिलने जा रहा हैं। राज्य सरकार के सभी कार्मिकों और पेंशनभोगियों को शनिवार (26 सितंबर) को वेतन व पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को शासनादेश जारी किया गया।

देशभर में 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल के दृष्टिगत पहले केंद्र और अब प्रदेश सरकार ने लिया फैसला

देशभर में बैंक अधिकारी और कर्मचारी 28-29 व 30 सितंबर को तीन दिन की हड़ताल पर जा रहे हैं। सोमवार से होने वाली इस हड़ताल से ऐन पहले रविवार पड़ रहा है और उससे पहले यानी 26 सितंबर को चौथा शनिवार। बैंकों में चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। इस तरह माह अंत में लगातार पांच दिन बैंक बंद रहने की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिसे देखते हुए रविवार 27 सितंबर का अवकाश रद्द कर दिया गया है। उस दिन बैंक सामान्य दिनों की तरह खुलेंगे, लेकिन सोमवार से बुधवार तक हड़ताल के कारण बंद रहेंगे। बैंकों की हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों व पेंशनर्स को 25 सितंबर और अधिकतम 26 सितंबर तक इस माह के वेतन व पेंशन भुगतान के आदेश दो दिन पहले ही कर दिए थे। अब उत्तराखंड सरकार ने भी सितंबर का वेतन व पेंशन अपने राज्यकर्मियों व पेंशनर्स को शनिवार को देने के आदेश कर दिए हैं।

सभी डीएम और कोषागार निदेशक को 26 सितंबर को वेतन व पेंशन भुगतान के लिए जारी किए गए आदेश

शुक्रवार को प्रमुख सचिव (वित्त) रमेश कुमार सुधांशु की ओर से सभी जिलों के डीएम और निदेषक (कोषागार, पेंशन एवं हकदारी) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के दृष्टिगत उक्त अवधि में बैंकिंग लेन-देन प्रभावित होने की आशंका है। इसके परिणामस्वरूप राज्य सरकार के कार्मिकों व पेंशनरों को सितंबर माह का वेतन व पेंशन का भुगतान विलंब से होने की आषंका है। इसे देखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि राज्य सरकार के समस्त कार्मिकों व पेंशनर्स को माह सितंबर के वेतन व पेंशन का भुगतान 26 सितंबर तक कर दिया जाए। कर्मचारी अथवा पेंशनभोगी के पूरे माह के वेतन अथवा पेंशन के निर्धारण के पश्चात किसी तरह का समायोजन आवश्यक होने की स्थिति में इसे अक्तूबर माह के वेतन व पेंशन से करने के लिए निर्देशित किया गया है।

More From Author

KHABAR UTTARAKHAND

LIVE देखने के लिए टैप करें