Aligarh News: रविवार सुबह भागलपुर से आनंद विहार जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन में आतंकवादी और बम होने की फर्जी सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद ट्रेन को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोककर चेकिंग कराई गई। ट्रेन करीब 42 मिनट तक प्लेटफार्म नंबर 5 पर रुकी रही।
आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलजार सिंह ने बताया कि रेलवे कंट्रोल रूम को सुबह 5:20 बजे ट्रेन संख्या 12367 में आतंकवादी और बम होने की जानकारी मिली। इसके बाद ट्रेन को अलीगढ़ जंक्शन पर रोका गया। जांच में आरपीएफ, जीआरपी, डॉग स्क्वायड और बमनिरोधक दस्ते की मदद ली गई।
चेकिंग के दौरान ट्रेन और यात्रियों की पूरी तरह जांच की गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आनंद विहार के लिए रवाना कर दिया गया।
सहायक आयुक्त गुलजार सिंह ने बताया कि त्योहारों और सर्दियों के समय रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान प्लेटफार्मों और ट्रेनों में नियमित चेकिंग कर रहे हैं और संदिग्धों पर नजर बनाए रखते हैं।
अलीगढ़ पुलिस के अनुसार, फर्जी सूचना देने वाले का नंबर स्विच ऑफ पाया गया है। जीआरपी थाने में फर्जी सूचना देने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
घटना के दौरान यात्रियों में डर और अफरातफरी देखने को मिली, लेकिन समय पर सतर्कता और चेकिंग की वजह से कोई बड़ा हादसा होने से बचा। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन यात्रा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें।
Read more:- Britain Train Stabbing: ब्रिटेन में चलती ट्रेन में चाकू से हमला, पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा

