Crime Dehradun Triple Murder – प्लम्बर ने बुजुर्ग दंपती समेत घर में काम करने वाली को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने हत्यारे को दबोचा

देहरादून, 6 अक्तूबर। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को हुई तीन हत्याओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची घर में काम करने वाली महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी प्लम्बर राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार वारदात में पेचकस को हथियार बनाकर तीनों पर जानलेवा हमला किया गया।

पुलिस को दोपहर करीब 3:10 बजे सूचना मिली कि तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ रखा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के भीतर बुजुर्ग दंपती और एक महिला को गंभीर रूप से घायल हालत में पाया। तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्लम्बर का काम करता है और पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपती के घर प्लम्बिंग का काम करने आता था। घटना वाले दिन भी उसे दंपती ने काम के लिए घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से पेचकस से बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। इसी दौरान घर में काम करने वाली महिला तिलया देवी उर्फ शीला आवाज सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंची। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। मंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने ट्रिपल मर्डर का खलासा करते हुए यह जानकारी दी है।

सीसीटीवी ने खोली आरोपी की कड़ी

घटना के बाद पुलिस ने मौके से वारदात में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी बुजुर्ग दंपती के घर की ओर अकेले जाता दिखाई दिया। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

तीनों मृतकों की पहचान

  • रजनी कपूर (75) पत्नी रमेश चंद्र कपूर
  • रमेश कपूर (80) पुत्र स्व. द्वारिका दास कपूर
  • तिलया देवी उर्फ शीला (48) — घरेलू सहायिका

पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी राजकुमार पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी इन्द्रेश नगर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से बांदा, थाना किरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है

More From Author

KHABAR UTTARAKHAND

LIVE देखने के लिए टैप करें