44 नई योजनाओं का शिलान्यास, 18 परियोजनाओं का लोकार्पण; बिजली, पानी, सड़क से लेकर साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन तक विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार।
देहरादून: उत्तराखंड राज्योत्सव के अवसर पर शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश को ₹1475.31 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी। दोनों नेताओं ने विभिन्न विभागों की कुल 62 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹1073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास और ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में बिजली, पेयजल, सड़क, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। राज्योत्सव के दौरान हुए इस आयोजन में विकास योजनाओं को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाने पर जोर रहा।
बिजली और पेयजल व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
ऊर्जा क्षेत्र में यूपीसीएल की ₹472.33 करोड़ की 20 योजनाओं का शिलान्यास और ₹77.93 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इससे प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और बिजली से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
पेयजल निगम की ₹191.17 करोड़ की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹82.03 करोड़ की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं जल संस्थान की ₹62.30 करोड़ की दो योजनाओं की आधारशिला रखी गई। इन कार्यों से विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने का लक्ष्य है।

कुंभ-2027 की तैयारियों को भी गति
लोक निर्माण विभाग की ₹18.78 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹99.68 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। शहरी विकास विभाग की ₹92.25 करोड़ की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹10.95 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण हुआ।इनमें हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।
टिहरी से हेमकुंड साहिब तक पर्यटन परियोजनाओं पर फोकस
पर्यटन विभाग की ₹43.70 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति संबंधी कार्य शामिल हैं
तकनीकी शिक्षा विभाग की ₹35.06 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹61.98 करोड़ की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण का कार्य भी शामिल है।
साइबर सुरक्षा और फायर सर्विस को मिलेगा नया इंफ्रास्ट्रक्चर
गृह विभाग की ₹68.27 करोड़ की दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें देहरादून में ₹31.63 करोड़ की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र और हल्द्वानी में ₹36.64 करोड़ की लागत से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण शामिल है।
इन परियोजनाओं से साइबर सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और अग्निशमन विभाग की आधारभूत सुविधाओं को विस्तार देने में मदद मिलेगी।
डेयरी, उच्च शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा को भी सौगात
डेयरी विकास विभाग की ₹48.21 करोड़ की योजना के तहत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट का निर्माण किया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग की ₹19.01 करोड़ की योजना के अंतर्गत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में पीजी ब्लॉक का निर्माण होगा।
वही इसके अलावा आवास विभाग की ₹10.59 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹12.48 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण किया गया। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की ₹11.44 करोड़ की योजना का शिलान्यास तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की ₹57.15 करोड़ की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
विकास योजनाओं से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में ₹1475.31 करोड़ की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रदेश के आधारभूत ढांचे के विस्तार से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन रहा। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से बिजली, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर विकसित करने में भी मदद मिल सकती है।

