Lakhpati Bitiya Yojana: आज दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार की चार महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इन योजनाओं में दिल्ली लखपति बिटिया योजना, मेरी पूंजी मेरा अधिकार योजना, फ्री एलपीटी सिलेंडर स्कीम, और सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड शामिल हैं। ये योजनाएं महिलाओं और बेटियों के लिए एक नई सौगात साबित हो रही हैं।
दिल्ली लखपति बिटिया योजना:
दिल्ली लखपति बिटिया योजना के तहत बेटियों के खाते में विभिन्न चरणों में पैसे जमा किए जाएंगे। योजना के तहत, बेटी के जन्म के समय 11,000 रुपये जमा किए जाएंगे। इसके बाद कक्षा 1, 6, 9, 10 और 12 में प्रवेश पर 5,000 रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा, अगर बेटी ग्रेजुएशन या डिप्लोमा करती है तो उसे 20,000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। इस प्रकार कुल मिलाकर योजना के तहत 1 लाख रुपये जमा होंगे, जो ब्याज के साथ मैच्योरिटी के बाद मिलेंगे।
योजना की आवश्यक शर्तें:
- योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम हो।
- आवेदनकर्ता का दिल्ली में कम से कम 3 साल तक निवासी होना अनिवार्य है।
- बेटी का टीकाकरण सरकारी नियमों के अनुसार होना चाहिए।
- योजना का लाभ केवल 2 बेटियों तक ही मिलेगा।
- सरकारी या लाइसेंस प्राप्त देखभाल केंद्रों में रहने वाली बच्चियों के लिए कुछ शर्तों में छूट दी गई है।
दिल्ली लाडली योजना से क्या अंतर है?
नई दिल्ली लखपति बिटिया योजना में पहले के मुकाबले अधिक राशि जमा की जाएगी। पहले की लाडली योजना में बेटी के जन्म पर 10,000-11,000 रुपये जमा होते थे, और कक्षा 1, 6, 9, 10, 12 में प्रवेश पर 5,000 रुपये मिलते थे। अब इन राशि को बढ़ाकर कुल 56,000 रुपये किया गया है और मैच्योरिटी की उम्र को 21 वर्ष तक बढ़ा दिया गया है।
लखपति बिटिया योजना का फॉर्म कैसे भरें:
इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए आपको अपने जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जाना होगा। जल्द ही विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन के लिए लिंक भी उपलब्ध हो सकता है, और आप e-District Portal के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं।
आवश्यक दस्तावेज:
- दिल्ली का आधार कार्ड
- बेटी के दिल्ली में जन्म का प्रमाण पत्र
- आय प्रमाण पत्र
- राशन कार्ड
योजना का लाभ कब मिलेगा?
- जब बेटी 18 या 21 साल की उम्र में पहुंचेगी, तो यह राशि मिल जाएगी।
- यदि बेटी की शादी 18 साल से पहले हो जाती है, तो यह योजना लागू नहीं होगी।
- यदि बेटी ने 12वीं या पॉलिटेक्निक किया हो और उम्र 18 साल की हो, तो भी राशि मिलेगी।
- ग्रेजुएशन या डिप्लोमा पूरा करने पर राशि 21 साल की उम्र में मिलेगी।
साथ ही इस कार्यक्रम में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना की भी घोषणा की गई, जो होली और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों पर हर साल करीब 15.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों को राहत प्रदान करेगी। इसके अलावा, महिलाओं के लिए पिंक सहेली कार्ड भी आज से शुरू किया गया है, जिसके जरिए महिलाएं दिल्ली की डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस कार्ड के माध्यम से महिलाओं के लिए शिक्षा, नौकरी और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी और अधिक सुगम होगी।
Read more:- Varanasi में CM Yogi Adityanath ने अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी-‘श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं’

