JEE Main: राजस्थान के कोचिंग हब कोटा से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ पढ़ाई कर रहे दो जुड़वां भाइयों ने JEE Mains 2026 में 99.998 पर्सेंटाइल प्राप्त की है। दोनों भाइयों ने न केवल एक ही शिफ्ट में पेपर दिया, बल्कि दोनों के अंक और पर्सेंटाइल भी बिल्कुल समान आए हैं।
भुवनेश्वर के रहने वाले इन दोनों भाइयों ने 300 में से 285 अंक हासिल किए हैं। दोनों भाइयों की पसंद, आदतें और यहाँ तक कि पढ़ाई का तरीका भी एक जैसा है।
मां ने बच्चों के लिए छोड़ी डॉक्टरी की नौकरी
इन दोनों की सफलता के पीछे उनकी मां डॉ. जीनत बेगम का बड़ा हाथ है। जीनत बेगम ओडिशा सरकार में एक सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट थीं। लेकिन साल 2023 में जब उनके बेटों ने कोटा जाने का फैसला किया, तो उन्होंने अपनी जमी-जमाई नौकरी छोड़ दी ताकि वे बच्चों के साथ रहकर उनकी देखभाल कर सकें।
जुड़वां भाई आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं। दोनों की पढ़ाई की आदतें भी एक जैसी हैं। वे हमेशा एक ही किताब से पढ़ते थे, चश्मे का नंबर, जूतों का साइज और दिनचर्या तक समान थी।
बेगम ने बताया, ‘दोनों हमेशा एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते थे और एक-दूसरे को मोटिवेट भी करते थे। उनकी रुचि गणित में शुरू से ही रही, इसलिए उन्होंने मेडिकल की बजाय इंजीनियरिंग चुनी।’
यह भी पढ़ें:- Noida School Bomb Threat: परीक्षा के बीच कई स्कूलों को मिली बम की धमकी

