Ramadan 2026: देश की राजधानी समेत पूरी दुनिया में आज यानी 19 फरवरी से इस्लाम के पवित्र महीने ‘रमजान’ की शुरुआत हो गई है। इस मौके पर दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम ने चांद दिखने के बाद महीने के आगाज का एलान किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुस्लिम समुदाय को मुबारकबाद दी है।
AIMIM की बड़ी मांग
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. शोएब जमाई ने सरकार से एक बड़ी मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट कर अपील की है कि रमजान के दौरान पूरी दिल्ली में शराब की दुकानें बंद की जाएं। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और उसकी बिक्री पर भी पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।
सावन महीने का दिया तर्क
शोएब जमाई ने अपनी मांग के पीछे ‘सावन’ का तर्क दिया है। उन्होंने लिखा, ‘जब सावन के महीने में सम्मान के तौर पर नॉन-वेज (मीट) की दुकानें बंद कराई जाती हैं, तो रमजान के पवित्र महीने में भी वैसा ही सम्मान मिलना चाहिए और शराब के ठेके बंद होने चाहिए।’
पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रमजान के मौके पर मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह पाक महीना समाज में एकजुटता और शांति की भावना को मजबूत करे। वहीं, कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी रमजान की बधाई दी और सभी के लिए शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
क्या है रमजान का महत्व?
रमजान इस्लामिक कैलेंडर का नौवां और सबसे पाक महीना माना जाता है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग पूरे महीने रोजा (व्रत) रखते हैं। इसमें सुबह सूरज निकलने से पहले ‘सहरी’ और शाम को सूरज ढलने के बाद ‘इफ्तार’ किया जाता है। साथ ही रात में मस्जिदों में विशेष नमाज ‘तरावीह’ अदा की जाती है और दान-पुण्य (जकात) पर जोर दिया जाता है।
यह भी पढ़ें:- Noida School Bomb Threat: परीक्षा के बीच कई स्कूलों को मिली बम की धमकी

