Veer Bal Diwas: 26 दिसंबर को देशभर में वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों- अजीत, जुझार, जोरावर और फतेह की शहादत को श्रद्धांजलि देने के लिए समर्पित है। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी इस अवसर पर दिल्ली के भारत मंडपम में एक खास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और बच्चों को संबोधित करेंगे।
20 बच्चों को किया जाएगा सम्मानित
इसके साथ ही इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 बच्चों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित करेंगी। ये बच्चे 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए हैं। पुरस्कार वितरण का यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे विज्ञान भवन में आयोजित होगा।
इसके बाद दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के भारत मंडपम में वीर बाल दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बाल पुरस्कार विजेता बच्चों के साथ-साथ देशभर से आए स्कूली छात्र भी उपस्थित होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बच्चों और युवाओं को संबोधित करेंगे।
साहिबजादों की शहादत का सम्मान
वीर बाल दिवस, श्री गुरु गोविंद सिंह के चार बेटों की शहादत की याद में मनाया जाता है। साहिबजादों ने मुगलों के खिलाफ संघर्ष किया और अत्याचारों का सामना किया, लेकिन उन्होंने अपनी जान की परवाह नहीं की। 26 दिसंबर 1705 को इन साहिबजादों को मुगलों ने शहीद कर दिया था। बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में इस दिन को ‘वीर बाल दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
देशभर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
वीर बाल दिवस के मौके पर देशभर के स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, और बाल देखभाल संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में साहिबजादों के अद्वितीय साहस और बलिदान के बारे में जानकारी दी जाएगी। बच्चे कहानी सुनने, पोस्टर बनाने, और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री का संदेश
पीएम मोदी का कहना है, कि ‘यह दिन हमें साहिबजादों के बलिदान और साहस को याद दिलाता है। हमें उनसे प्रेरणा लेकर अपने देश की सेवा में खुद को समर्पित करना चाहिए।’
Read more:- Christmas 2025: क्रिसमस पर कैथेड्रल चर्च पहुंचे पीएम मोदी, प्रार्थना सभा में लिया हिस्सा

