उत्तराखंड में बरसती मानसूनी आफत
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अपनी करवट ले चुका है, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बादलों ने अपनी चादर सजा दी है, लिहाजा भारी बारिशों के दौर पूरे ही उत्तराखंड में अब शुरु हो चुके हैं। वहीं, प्रदेश में इन भारी बारिशों के चलते जन-जीवन पूर्णत: प्रभावित हो चुका है। जहां एक ओर पर्वतीय क्षेत्रों में आए-दिन भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रहीं है तो वहीं मैदानी इलाकों में जल भराव और बाढ़ जैसी आपदाएं लगतार बढ़ती जा रही हैं। इसके अतिरिक्त इस समय राज्य में संचालित चारधाम यात्रा भी इस मानसूनी मार से प्रभावित हो रही है। बीते दिन बद्रीनाथ मार्ग पर भूस्खलन के कारण यातायात नौ घंटे तक ठप रहा। वहीं, बीते रविवार को राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में रविवार देर रात हल्की वर्षा का दौर शुरू हुआ, जो कि सोमवार की सुबह तक तीव्र वर्षा के रूप में जारी रही। हालांकि, कहीं-कहीं सोमवार दोपहर बाद तक वर्षा का क्रम बना रहा। राजधानी देहरादून में बीते 24 घंटों के भीतर 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। जबकि, रुद्रप्रयाग, पौड़ी और टिहरी में भी 50 से 80 मिमी तक वर्षा हुई।
प्रदेश में नदी-नाले उफान पर
उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश रिकॉर्ड करी गई है, वहीं बनबसा में करीब 200 मिमी बारिश हुई है। जहां उत्तराखंड के ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में एक ओर लगातार हो रही भारी बारिशों के कारण पारे में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट भी दर्ज की गई है तो वहीं, यही भारी बारिश प्रदेश में आपदाओं का सबब बनती जा रही है। चारधाम यात्रा मार्गों पर भी बार-बार जगह-जगह पर मार्ग बाधित हो रहे हैं, रुद्रप्रयाग में देर रात से सुबह तक हुई वर्षा के चलते बदरीनाथ हाईवे खांकरा और सिरोबगड़ के बीच नौ घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध रहा, जिस कारण तकरीबन इससे दस हजार से अधिक यात्री फंसे रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार हाईवे के दोनों ओर पांच-पांच किमी तक एक हजार से अधिक वाहनों की कतार लगी रही। वहीं, कोटद्वार में वर्षा के दौरान नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुगड्डा के पास कई जगह मलबा व बोल्डर आने से सड़क बंद हो गई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। इसके अतिरिक्त मैदानी क्षेत्रों में नदी-नाले अपने उफान पर हैं, राजधानी देहरादून में भी जगह-जगह भारी बारिश के कारण पानी घरों व दुकानों में घुस गया। जहां एक ओर भारी बारिश से सड़कों को नुकसान पहुंचा तो वहीं दीवार व पुस्ता ढहने की भी सूचनाएं हैं।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

