उत्तराखंड में मानसूनी झमाझम
उत्तराखंड में लगातार भारी बारिश के दौर जारी हैं, प्रदेश में सभी जिलों में बादल जमकर बरस रहे हैं। इसी के साथ राजधानी देहरादून में भी झमाझम बारिश के दौर जारी हैं, रुक-रुककर राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में समयंतराल जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। बीते रविवार को भी देहरादून में सुबह से ही चटख धूप ने लोगों के पसीने छुटाए, लेकिन शाम होते ही मौसम ने अपने मिजाज में करवट बदल ली और तकरीबन शाम के 4 बजे दून शहर के विभिन्न इलाकों में तेज बौछारें टूट पड़ी, खासकर शहर के सहस्रधारा रोड, रायपुर और हाथीबड़कला क्षेत्र में करीब एक घंटे जोरदार बारिश हुई। वहीं राजधानी दून में मूसलाधार बारिश के कारण रिस्पना-बिंदाल समेत तमाम नदी-नाले उफान पर आ गए और लोगों को आवाजाही में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेज बरसात के कारण शहर की सड़कों और पुस्तों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, लिहाजा स्थानियों द्वारा देहरादून नगर निमन और आपदा प्रबंधन को फोन कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजान करने की मांग करी गई।
क्या कहता है मौसम का पूर्वानुमान
उत्तराखंड में मानसून पूर्णत: सक्रिय है लिहाजा प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बादलों ने अपना डेरा जमा रखा है और भारी बारिशों का दौर जारी है। वहीं राजधानी देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक उत्तराखंड के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश का क्रम इसी प्रकार बना रहने का अनुमान है। वहीं आज सोमवार को राजधानी देहरादून सहित नैनीताल और बागेश्वर भारी बारिश होने की संभावना है। शेष अन्य जिलों में भी आकाशीय गरज-चमक के साथ तीव्र बौछार के दौर होने के भी आसार हैं।

