उत्तराखंड में मौसम की बदलती करवट
उत्तराखंड में मौसम लगातार अपनी करवट को बदल रहा है, राज्य में सूर्य देव के तेवर भी तल्ख हो गए हैं। उत्तराखंड में पारे में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है,वहीं राजधानी दून समेत कई अन्य स्थानों पर भी अधिक तपिश को महसूस किया गया है। आलम यह है कि पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक चटख धूप के खिलने से पारे में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी कड़ी में बीते मंगलवार को राजधानी में सुबह से ही चटख धूप खिली रही लिहाजा दोपहर तक मौसम में तपिश महसूस होनें से लोगों को काफी तकलीफ हुई, वहीं शुष्क मौसम के कारण बीते दो दिनों से राजधानी में तापमान भी 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अतिरिक्त रुड़की, खटीमा, पंतनगर समेत कई अन्य स्थानों पर भी तापमान 38 डिग्रीसेल्सियस के पार पंहुच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं।
जानिए मौसम का पूर्वानुमान
राजधानी देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड के मौसम में गर्मी के और अधिक बढ़ने की आशंका है, वहीं, आज बुधवार को उत्तराखंड के मौसम में शुष्कता ही बने रहने के आसार हैं जो कि तापमान में और अधिक वृद्धि कर सकती है। इसके साथ ही आने वाले कुछ दिनों तक उत्तराखंड के अधिकतर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 2 या 3 डिग्री अधिक बना रहने के आसार हैं। वहीं राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार से नए पश्चिमी विक्षोभ के पर्वतीय क्षेत्रों में पंहुचने से आंशिक बादलों की चादर देखने को मिल सकती है, इसके अतिरिक्त कुछ-कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी की भी संभावना है।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

