हरिद्वार के चंद्राचार्य चौक पर बनेगा ड्रेनेज सिस्टम
हरिद्वार के व्यस्त चंद्राचार्य चौक और भगत सिंह चौक पर बरसात के दौरान होने वाले भीषण जलभराव से राहत दिलाने के लिए सिंचाई विभाग ने 43 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज सिस्टम बनाने की योजना तैयार की है, जिसे शासन की स्वीकृति मिल गई है। इस परियोजना के तहत चौक पर नालियां बनाई जाएंगी ताकि वर्षा का पानी आसानी से निकल सके और चौक तालाब जैसी स्थिति से बचा जा सके। मानसून के बाद इस परियोजना पर काम शुरू होगा। ड्रेनेज सिस्टम से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मनसा देवी से ज्वालापुर तक ड्रेनेज प्रोजेक्ट पर जल्द शुरू होगा काम
हरिद्वार में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए सिंचाई विभाग ने मनसा देवी मंदिर के नीचे से लेकर ज्वालापुर तक ड्रेनेज सिस्टम की योजना तैयार की थी, जिसे अब शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। विभाग के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता ने बताया कि वर्षाकाल खत्म होते ही इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जाएगा। योजना पूरी होने के बाद बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से लोगों को स्थायी राहत मिलेगी और आवागमन भी सुगम हो सकेगा।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

