नैनीताल में भारी बारिश से बिजली आपूर्ति ठप
नैनीताल में भारी बारिश और आंधी से शहर की बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। मंगलवार सुबह रामपुर रोड स्थित नीलकंठ अस्पताल के पास पेड़ की टहनी गिरकर 33 केवी की विद्युत लाइन पर फंस गई, जिससे ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हो गया और रामपुर रोड, बरेली रोड, बनभूलपुरा और तेरह बीघा सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रही। वहीं, फुटकुआं और फूलचौड़ जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी लंबे समय तक अंधेरा छाया रहा। विभागीय टीम ने देर से मरम्मत कार्य पूरा कर बिजली बहाल की, लेकिन लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से आपूर्ति सुचारू रखने में चुनौतियां बनी हुई हैं।
फाल्ट और ब्रेकडाउन से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में परेशानी
नैनीताल में भारी बारिश के कारण बिजली आपूर्ति कई घंटों तक प्रभावित रही, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिशासी अभियंता नगर प्रदीप कुमार ने बताया कि शहर में करीब दो घंटे बाद दोपहर 12 बजे से सप्लाई बहाल की गई, जबकि ग्रामीण इलाकों में समस्या ज्यादा गंभीर रही। फुटकुआं बिजलीघर से जुड़ी लाइन पर फाल्ट आने से सुबह 11:45 से शाम पांच बजे तक करीब पांच घंटे का ब्रेकडाउन रहा। इसी तरह फूलचौड़ बिजलीघर में शाम चार से पांच बजे तक सप्लाई बंद रही। वहीं लामाचौड़ और फतेहपुर फीडर की विद्युत लाइनों में फाल्ट के कारण लगभग तीन घंटे बिजली गुल रही। लगातार फॉल्ट और लंबे ब्रेकडाउन से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बड़े पैमाने पर परेशानी झेलनी पड़ी।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

