Sanchar Saathi: अगर आपके पास स्मार्टफोन है और उसमें UPI, सोशल मीडिया, पर्सनल फोटो जैसी महत्वपूर्ण चीजें हैं, तो फोन चोरी या फ्रॉड होने का डर हमेशा बना रहता है। लेकिन अब इस बारे में ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। ऑनलाइन ठगी और फ्रॉड कॉल्स को रोकने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) ने एक मोबाइल सुरक्षा ऐप लॉन्च किया है, जिससे इन समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा।
Sanchar Saathi: ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं
यह ऐप हर नए फोन में पहले से इंस्टॉल रहेगा और पहली बार फोन ऑन करने या सेटअप करते समय स्क्रीन पर दिखाई देगा। पुराने फोन यूजर्स को भी सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए यह ऐप मिलेगा।
कौनसी है वह ऐप
इस ऐप का नाम संचार साथी है। यह मई 2023 में सरकार द्वारा लॉन्च किए गए इसी नाम के पोर्टल का अगला संस्करण है। जनवरी 2025 में दूरसंचार विभाग ने एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर संचार साथी मोबाइल ऐप लॉन्च किया। यह ऐप यूजर्स को मोबाइल से जुड़ी धोखाधड़ी और चोरी की रिपोर्ट करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करता है।
एक बार ऐप इंस्टॉल हो जाने के बाद, यूजर्स देश के किसी भी टेलीकॉम नेटवर्क पर खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को तुरंत ब्लॉक कर सकते हैं। इसका मतलब है कि भारत में कहीं भी ब्लॉक किए गए फोन का इस्तेमाल किया जाए, तो कानून प्रवर्तन एजेंसियां उसकी लोकेशन ट्रेस कर सकती हैं।
संचार साथी ऐप का उद्देश्य
इस ऐप का मुख्य उद्देश्य मोबाइल यूजर्स को सुरक्षा मुहैया कराना है। अगर फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो यूजर ऐप के जरिए कुछ ही मिनटों में फोन ब्लॉक करवा सकता है। इससे बैंकिंग ऐप, UPI, WhatsApp और पर्सनल डेटा सुरक्षित रहते हैं। इसके अलावा यह ऐप फर्जी लिंक, स्पैम कॉल, संदिग्ध मैसेज और मोबाइल कनेक्शनों की निगरानी भी करता है। अब यूजर को IMEI नंबर याद रखने जैसी परेशानी भी नहीं होगी।
सरकार का कहना है कि ऐप सीधे उनकी सुरक्षा प्रणाली से जुड़ा है और यह फर्जी SIM, ब्लैकलिस्टेड फोन और फ्रॉड कॉल्स को रोकने में सबसे बड़ा हथियार बन चुका है।
संचार साथी ऐप के मुख्य फायदे:
- फोन चोरी या खो जाने पर यूजर कुछ सेकंड में रिक्वेस्ट डालकर फोन ब्लॉक कर सकता है।
- फर्जी SIM और कनेक्शन रोकने के लिए अब तक 3 करोड़ से ज्यादा फर्जी SIM बंद किए जा चुके हैं।
- सेकंड हैंड फोन खरीदते समय IMEI नंबर डालकर पता किया जा सकता है कि फोन असली है या चोरी का।
- फ्रॉड कॉल और स्पैम से बचने के लिए ऐप से सीधे किसी नंबर की शिकायत की जा सकती है।
ऐप की उपलब्धियां
संचार साथी ऐप की शुरुआत 2023 में वेब पोर्टल के रूप में हुई थी। 17 जनवरी 2025 को यह ऐप लॉन्च हुआ और देखते ही देखते 5 करोड़ से ज्यादा डाउनलोड हो चुके हैं। ऐप की मदद से अब तक 7 लाख से ज्यादा चोरी या खोए हुए फोन वापस मिल चुके हैं और 37 लाख से ज्यादा फोन ब्लॉक किए जा चुके हैं।
संचार साथी ऐप न केवल मोबाइल चोरी और फ्रॉड से सुरक्षा देता है, बल्कि मोबाइल कनेक्शन की पूरी जानकारी भी देता है। यूजर देख सकता है कि उसके नाम से कितने मोबाइल कनेक्शन हैं और कौन सा कनेक्शन असली या फर्जी है। इससे लोग ठगी और फर्जी SIM से होने वाले नुकसान से भी बच सकते हैं।
Read more:- IndiGo Bomb scare: मुंबई एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, मिला धमकी भरा मैसेज

