Lionel Messi

Lionel Messi: वानखेड़े में एक फ्रेम में दो दिग्गज, फैंस की आंखें नम

मुंबई के फैंस के लिए रविवार की शाम किसी सपने से कम नहीं थी। वानखेड़े स्टेडियम में एक ही मंच पर लियोनेल मेसी, सचिन तेंदुलकर और सुनील छेत्री एक साथ नजर आए। जी हां, अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी GOAT इंडिया टूर 2025 के तहत तीन दिन के भारत दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन, यानी 14 दिसंबर, वह मुंबई पहुंचे। इस मौके पर ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मेसी से मिलने सचिन तेंदुलकर, करीना कपूर अपने बेटों के साथ, और बॉलीवुड व खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।

तालियों से गूंज उठा वानखेड़े

जैसे ही लियोनेल मेसी मैदान पर उतरे, पूरा वानखेड़े स्टेडियम तालियों और ‘मेसी… मेसी’ के नारों से गूंज उठा। इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर भी वानखेड़े में मौजूद थे। जब सचिन और मेसी एक-दूसरे से मिले, तो स्टेडियम में मौजूद फैंस में अलग ही उत्साह देखने को मिला। सचिन ने मेसी को टीम इंडिया की अपनी साइन की हुई जर्सी गिफ्ट की। दिलचस्प बात यह रही कि सचिन और मेसी दोनों ही अपने करियर में 10 नंबर की जर्सी पहनते रहे हैं। दो अलग-अलग खेलों के ये दो महान खिलाड़ी एक साथ एक फ्रेम में नजर आए, तो यह पल और भी खास बन गया।

मेसी ने इस दौरान बॉलीवुड और राजनीति की दुनिया के कई बड़े चेहरों से भी मुलाकात की। उन्होंने अभिनेता अजय देवगन और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इसके अलावा मेसी करीना कपूर और उनके बेटों तैमूर और जहांगीर से भी मिले।

सुनील छेत्री ने खेला प्रदर्शनी मैच

इस खास शाम के लिए वानखेड़े स्टेडियम में दो छोटी 7-खिलाड़ियों वाली फुटबॉल पिच बनाई गई थीं। भारतीय फुटबॉल स्टार सुनील छेत्री ने बेंगलुरु एफसी के खिलाड़ियों के साथ एक सेलिब्रिटी टीम के खिलाफ प्रदर्शनी मैच खेला। मैच का पहला गोल सुनील छेत्री ने किया, जिससे स्टेडियम में बैठे फैंस खुशी से झूम उठे। हालांकि, मैच की शुरुआत में ही उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया, जिसके कारण वह ज्यादा दौड़ नहीं लगा पाए।

कुछ ही देर बाद लियोनेल मेसी अपनी टीम के साथ मैदान पर पहुंचे। उनके साथ इंटर मियामी के खिलाड़ी रोड्रिगो डी पॉल और लुइस सुआरेज़ भी मौजूद थे। मेसी खिलाड़ियों से मिले और उनसे बातचीत की। लाइन के आखिर में सुनील छेत्री खड़े थे, जो मेसी से मिलने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही दोनों मिले और एक-दूसरे को गले लगाया, वह पल बेहद खास बन गया। इस नजारे ने भारतीय फुटबॉल फैंस की आंखें नम कर दीं।

दिल्ली जाएंगे मेसी

लियोनेल मेसी 15 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। वहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और अरुण जेटली स्टेडियम में फैंस से भी रूबरू होंगे।

Read more:- Lionel Messi की झलक न मिलने पर फैंस भड़के, कोलकाता स्टेडियम में हुआ हंगामा

More From Author

Delhi-NCR

Delhi-NCR में जहरीली हवा, घने कोहरे से विज़िबिलिटी ZERO

Agra Lucknow Expressway

Agra Lucknow Expressway में छाया घना कोहरा, जीरो विजिबिलिटी से कई सड़क हादसे