Akshaye Khanna’s Upcoming Films: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर काफी चर्चा में हैं। इस फिल्म में उन्होंने रहमान डकैत का किरदार निभाया है, जिसे दर्शक बेहद पसंद कर रहे हैं। फिल्म रिलीज हुए 15 दिन हो चुके हैं और इस दौरान फैंस अक्षय की एक्टिंग के दीवाने बन गए हैं।
लेकिन बता दें, ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद अक्षय खन्ना चार और बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। इनमें से एक फिल्म सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी, यानी अक्षय खन्ना जल्द ही ओटीटी पर भी डेब्यू करने वाले हैं।
2025 अक्षय खन्ना के लिए लकी साल
अक्षय खन्ना पिछले 28 सालों से फिल्मों में काम कर रहे हैं। साल 2025 उनके लिए बेहद खास साबित हो रहा है। साल की शुरुआत में फिल्म ‘छावा’ में उनके निगेटिव रोल को फैंस ने खूब पसंद किया था। यह फिल्म 2025 की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।
इसके बाद 5 दिसंबर को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। आंकड़ों को देखकर लगता है कि यह फिल्म जल्द ही ‘छावा’ को भी पीछे छोड़ सकती है।
आने वाली बड़ी फिल्में
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय खन्ना की अगली बड़ी फिल्म ‘दृश्यम 3’ हो सकती है। यह एक पॉपुलर थ्रिलर फिल्म सीरीज है, जिसमें अक्षय एक बार फिर आईजी का रोल निभा सकते हैं। फिल्म के क्लाइमैक्स में उनका किरदार बेहद अहम होगा।
इसके अलावा ‘धुरंधर 2’ भी जल्द आ सकती है, जिसकी जानकारी फिल्म के डायरेक्टर ने हाल ही में हुए एक इवेंट में दी थी। पहले पार्ट में उनके किरदार की कहानी अधूरी रही थी, इसलिए सीक्वल में उनकी दमदार वापसी की उम्मीद है। वहीं, ‘बदला 2’ में भी उनका रोल पहले से ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
खबर यह भी है कि अक्षय को कोर्टरूम ड्रामा ‘सेक्शन 84’ और एक अनटाइटल्ड स्पाई थ्रिलर फिल्म के लिए भी संपर्क किया गया है, जिसमें वह निगेटिव रोल में नजर आ सकते हैं।
ओटीटी पर करेंगे डेब्यू
अक्षय खन्ना अब ओटीटी की दुनिया में भी कदम रखने जा रहे हैं। वह नेटफ्लिक्स की एक एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘इक्का’ में नजर आएंगे। यह फिल्म सीधे नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
खास बात यह है कि इस फिल्म में अक्षय 28 साल बाद सनी देओल के साथ काम करते नजर आएंगे। इससे पहले दोनों फिल्म ‘बॉर्डर’ में साथ दिखे थे। फिल्म की शूटिंग चल रही है और इसे सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा डायरेक्ट कर रहे हैं। ‘इक्का’ के 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है।
Read more:- Dhurandhar Box Office: धुरंधर फिल्म ने 14 दिन में तोड़े कई रिकॉर्ड, कमाई 700 करोड़ पार

