National Volleyball Tournament : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानि 4 जनवरी को वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। बता दें यह टूर्नामेंट 4 से 11 जनवरी तक चलेगा और इसमें पूरे देश से 1,000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विभिन्न राज्यों और संस्थानों से 58 टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी और खिताब जीतने की कोशिश करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उनकी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस टूर्नामेंट में देशभर से खिलाड़ियों की भागीदारी, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
वाराणसी में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। यह आयोजन शहर के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस टूर्नामेंट में लगभग 1,044 खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनमें से 540 पुरुष और 504 महिलाएं हैं।
वाराणसी की मेज़बानी में यह टूर्नामेंट न सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता है, बल्कि यह काशी को ‘स्पोर्ट्स टूरिज्म हब’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। आयोजकों का मानना है कि यह कार्यक्रम भविष्य में और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का रास्ता खोलेगा।
इस टूर्नामेंट में रेलवे और सेना के तीनों अंगों की टीम भी शामिल होगी। वाराणसी में हो रहे इस राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उद्देश्य खेलों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है। इस टूर्नामेंट की सफलता से वाराणसी को खेलों के क्षेत्र में एक नई पहचान मिलने की संभावना है, और भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों का शहर में आयोजन होगा।
Read more:- दिल्ली में भगवान बुद्ध के Piprahwa Relics की अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी का उद्घाटन

