Delhi Air Quality: दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। एयर क्वालिटी में थोड़ी सी सुधार के बाद GRAP-4 की पाबंदियां हटा दी गई हैं। हालांकि, GRAP-3 की पाबंदियां अभी भी लागू रहेंगी। दरअसल, मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 378 दर्ज किया गया था, जिसके बाद GRAP-4 की पाबंदियों को हटाने का फैसला लिया गया। केंद्रीय एजेंसी (CAQM) ने एक आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया कि पहले, दूसरे और तीसरे चरण की पाबंदियां लागू रहेंगी, जबकि GRAP-4 की पाबंदियां हटा दी गई हैं।
आदेश में यह भी कहा गया कि नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे GRAP के पहले, दूसरे और तीसरे चरण के तहत लागू पाबंदियों का सख्ती से पालन करें ताकि AQI और खराब न हो।
CAQM का बयान और भविष्य के पूर्वानुमान
CAQM द्वारा जारी बयान में कहा गया कि मौसम की बेहतर परिस्थितियों और हवा की गति में बढ़ोतरी के कारण दिल्ली का AQI 20 जनवरी को 378 (‘बहुत खराब’) रहा। इसके अलावा, IMD (भारत मौसम विभाग) और IITM (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजी) के पूर्वानुमानों से यह संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का AQI इसी रेंज में रह सकता है।

हालांकि, अधिकारियों ने यह भी कहा कि GRAP-III और उससे नीचे की कार्रवाई जारी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों ने यह चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का AQI ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में रहेगा।
निरंतर निगरानी और समीक्षा
बयान में आगे कहा गया है कि उप-समिति हवा की क्वालिटी की स्थिति पर बारीकी से नज़र रखना जारी रखेगी। IMD/IITM द्वारा जारी AQI स्तरों और पूर्वानुमानों के आधार पर समय-समय पर फैसले लिए जाएंगे।
इस प्रकार, GRAP-4 की पाबंदियां हटने के बावजूद, दिल्लीवासियों को अभी भी एहतियात बरतने की जरूरत है ताकि हवा की गुणवत्ता और खराब न हो।
Read more:- Weather Update: दिल्ली से कश्मीर तक मौसम में बदलाव, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

