Delhi Crime: दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक 16 वर्षीय नाबालिग की देर रात चाकू से हत्या कर दी गई। यह घटना दिल्ली के पश्चिमी जिले के ख्याला इलाके के सी ब्लॉक की है, जहां महज एक खुली जगह को लेकर लड़ाई हुई, और इसका अंजाम एक मर्डर केस के रूप में सामने आया।
घटना की सूचना मिलने पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जो केवल 16 साल का था। खून से सना हुआ युवक पास के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में लाया गया, जहां उसे डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दोनों स्कूल ड्रॉपआउट हैं। एक आरोपी का पिता नहीं है, और उसकी मां घरों में काम करती है, जबकि दूसरे के पिता किसी फैक्ट्री में काम करते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही, पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घायल अवस्था में साहिल ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का नाम बताया था और अपने परिवार का फोन नंबर भी दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में हत्या के कई अन्य मामले भी सामने आए हैं। रविवार रात पश्चिमी जिले के मोती नगर स्थित डीडीए पार्क में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। वहीं, मंगोलपुरी इलाके में 10वीं क्लास के एक छात्र की भी चाकू मारकर हत्या कर दी गई। त्रिलोकपुरी से एक और मामला सामने आया है, जहां मोबाइल चार्ज करने से मना करने पर एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
यह घटनाएं दिल्ली में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता का कारण बन रही हैं, और पुलिस इस पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए जुटी हुई है।
Read more:- Delhi school bomb threat: सोमवार सुबह दिल्ली में 9 स्कूलों को मिली धमकी, जांच जारी

