Chhattisgarh news: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बहुत ही हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक सरकारी स्कूल के करीब 35 छात्र-छात्राओं ने ब्लेड, पिन और कांटों से अपने ही हाथों को काट लिया है। जब स्कूल के शिक्षकों ने बच्चों के हाथों पर एक जैसे चोट के निशान देखे, तो इलाके में हड़कंप मच गया।
पूरा मामला क्या है?
यह मामला कुरूद ब्लॉक के दहदहा गांव के सरकारी माध्यमिक स्कूल का है। स्कूल के प्रिंसिपल पुनीत राम साहू ने बताया कि यह सब पिछले करीब दो महीनों से चल रहा था। जब छठी से आठवीं क्लास के बच्चों के हाथों पर घाव दिखे, तो उनसे पूछताछ की गई। पहले तो बच्चों ने कुछ नहीं कहा, लेकिन बाद में पता चला कि 35 बच्चों ने खुद को नुकसान पहुँचाया है। इनमें लड़के और लड़कियां दोनों शामिल हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि बच्चे एक-दूसरे की देखा-देखी ऐसा कर रहे थे।
प्रशासन और पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एक्शन में आ गया। कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम (SDM), पुलिस अधिकारी और शिक्षा विभाग की टीम तुरंत गांव पहुँची। डॉक्टरों की एक टीम भी बुलाई गई है ताकि बच्चों के घावों का इलाज किया जा सके।
धमतरी के कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि मामले की गहराई से जांच करने के लिए एक टीम बना दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि बच्चों ने आखिर ऐसा क्यों किया। फिलहाल अधिकारी और एक्सपर्ट्स बच्चों की काउंसलिंग कर रहे हैं ताकि उनकी मानसिक स्थिति को समझा जा सके।
माता-पिता की बढ़ी चिंता
जब परिजनों को स्कूल बुलाकर इस बारे में बताया गया, तो वे दंग रह गए। कई माता-पिता को पता ही नहीं था कि उनके बच्चे खुद को चोट पहुँचा रहे हैं। प्रशासन ने घरवालों को सलाह दी है कि वे बच्चों के व्यवहार पर कड़ी नजर रखें और उनके साथ समय बिताएं। अभी यह साफ नहीं है कि बच्चों ने किसी ‘गेम’ के चक्कर में ऐसा किया या किसी और वजह से, पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:- Noida School Bomb Threat: परीक्षा के बीच कई स्कूलों को मिली बम की धमकी

