Anurag Dhobal: मशहूर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस 17’ फेम अनुराग डोभाल, जिन्हें लोग ‘UK07 राइडर’ के नाम से जानते हैं, शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह घटना तब हुई जब अनुराग अपने इंस्टाग्राम पर लाइव थे, जिसे करीब 82,000 लोग देख रहे थे। लाइव के दौरान उन्होंने अचानक अपनी कार की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटा से भी ज्यादा बढ़ा दी, जिसके बाद उनकी फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे के बाद अनुराग की हालत नाजुक है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंस्टाग्राम लाइव पर दिखा खौफनाक मंजर
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा हादसा इंस्टाग्राम लाइव के दौरान हुआ, जिसे करीब 82,000 लोग देख रहे थे। वीडियो में अनुराग बेहद भावुक नजर आ रहे थे। उन्होंने लाइव में कहा, ‘मम्मी, अगले जन्म आऊं तो बस प्यार दे देना, प्यार की बहुत जरूरत थी।’ इसके बाद उन्होंने कहा, ‘लेट्स गो फॉर द फाइनल ड्राइव,’ और गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन अचानक कार डिवाइडर से टकरा गई।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। अनुराग डोभाल की हालत के बारे में जानकारी देने से पहले उनके मैनेजर ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक स्टेटमेंट जारी किया है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘टीम यूके राइडर की ओर से, मैं अनुराग डोभाल के मैनेजर के रूप में पुष्टि करता हूँ कि वह फिलहाल अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। कृपया इसे ही आधिकारिक बयान मानें और इस स्थिति के बारे में बार-बार कॉल करने से बचें। कोई नया अपडेट आने पर हम इसे सही समय पर साझा करेंगे।’
अनुराग के मैनेजर रोहित पांडे ने बताया कि उन्हें अभी ICU में रखा गया है और उनके लिए दुआओं की जरूरत है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ‘अभी उन्हें दूसरे अस्पताल में ट्रांसफर किया गया है। फिलहाल वह ICU में हैं, कृपया उनके लिए प्रार्थना करें। हम डॉक्टरों और बाकी टीम के संपर्क में हैं। सभी का धन्यवाद, खासकर उन फैंस का, जिन्होंने अनुराग का पता लगाने और उनकी मदद करने में सहयोग किया। आप सच में भगवान हैं।’
क्यों तनाव में थे अनुराग?
हादसे से कुछ दिन पहले अनुराग ने अपने यूट्यूब चैनल पर 2 घंटे लंबी एक वीडियो शेयर की थी, जिसमें उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए और अपनी निजी जिंदगी, परिवार के साथ विवाद, शादी, घर छोड़ने की नौबत, आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से जुड़ी बातें विस्तार से बताईं। वीडियो के दौरान वह कई बार भावुक होते और रोते हुए दिखाई दिए।
अनुराग ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से गहरे तनाव में थे, उन्होंने पांच दिनों से खाना नहीं खाया था और खुद को अकेला महसूस कर रहे थे। उन्होंने अपनी मौत के लिए परिवार को जिम्मेदार ठहराने की बात कही और कहा कि यह उनकी आखिरी वीडियो है।
Read more:- फूट-फूटकर रोए The UK07 Rider,परिवार पर लगाया मानसिक उत्पीड़न का आरोप

