Google Maps: गूगल मैप्स से जुड़ी गलत जानकारियों की वजह से कार नाले में गिरने या फ्लाईओवर से नीचे उतरने जैसे हादसों के किस्से अब पुराने होने वाले हैं। गूगल मैप्स में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने इसमें Gemini AI पर आधारित नए फीचर्स जोड़े हैं, जिससे ड्राइविंग न केवल आसान बल्कि पहले से कहीं अधिक सुरक्षित होने वाली है।
‘क्या है Ask Maps’?
गूगल ने ‘आस्क मैप्स’ नाम का एक बातचीत करने वाला टूल पेश किया है। अब आपको मैप्स पर सिर्फ टाइप करने की जरूरत नहीं है, बल्कि आप बोलकर कोई भी सवाल पूछ सकते हैं। जैसे:
- ‘दो इलाकों के बीच कोई ऐसा वेज रेस्टोरेंट बताओ जहाँ बड़ा ग्रुप आराम से बैठ सके?’
- ‘मेट्रो से जाना जल्दी होगा या कार से? और क्या रास्ते में अच्छी कॉफी मिल सकती है?’
- ‘आस-पास फोन चार्ज करने की जगह या पब्लिक वॉशरूम कहाँ है?’
यह एआई 30 करोड़ से अधिक स्थानों के डेटा और करोड़ों लोगों के रिव्यू को स्कैन करके आपको सबसे सही जवाब देगा।
3D में दिखेंगे रास्ते
ड्राइविंग के दौरान होने वाले कन्फ्यूजन को खत्म करने के लिए गूगल ने ‘इमर्सिव नेविगेशन’ शुरू किया है। अब मोबाइल स्क्रीन पर रास्ता सिर्फ लकीरों जैसा नहीं, बल्कि 3D में दिखेगा। इसमें ऊंची इमारतें, रोड डिवाइडर और फ्लाईओवर बिल्कुल असली जैसे नजर आएंगे। इससे ड्राइवर को यह समझने में आसानी होगी कि उसे कब मुड़ना है या किस फ्लाईओवर पर चढ़ना है।
आपकी पसंद का रखेगा ख्याल
यह नया सिस्टम आपकी पसंद को याद रखेगा। अगर आप शाकाहारी खाना पसंद करते हैं, तो नए शहर में भी यह खुद ही वेज रेस्टोरेंट्स को पहले दिखाएगा। साथ ही, यह आपको यह भी बताएगा कि किस जगह पर पार्किंग करना सबसे आसान होगा।
भारत में कब मिलेगा?
‘आस्क मैप्स’ फीचर का रोलआउट भारत और अमेरिका में एंड्रॉइड और आईओएस (iOS) दोनों यूजर्स के लिए शुरू हो गया है। फिलहाल यह अंग्रेजी में है, लेकिन गूगल ने जल्द ही इसमें हिंदी सपोर्ट जोड़ने का वादा किया है।
Read more:- ओपनएआई एक नया फीचर लांच हुआ है जिसका नाम है ‘ChatGPT Health’

