Aman Kumar Sharma: राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहाँ सफदरजंग इलाके में रहने वाले एक जज ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कड़कड़डूमा कोर्ट के 35 वर्षीय युवा जज अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह अपने ग्रीन पार्क स्थित आवास पर थे, जहाँ उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। हालांकि, इस आत्मघाती कदम की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है और न ही मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। वहीं, जज के रिश्तेदारों का कहना है कि अमन का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था।
पिता से कहा- ‘पापा, जीना मुश्किल हो गया है’
परिजनों के अनुसार, अमन ने सुबह 10 बजे अपने पिता को फोन किया था और कहा था कि वह बहुत परेशान हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी स्वाति और पत्नी की बहन उन्हें पिछले दो महीने से लगातार प्रताड़ित कर रही हैं। यह सुनकर उनके पिता अलवर से दिल्ली पहुंचे।
घर पर पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था, जिसमें पत्नी ने धमकी दी कि पिता वहां से चले जाएं वरना वह पुलिस बुला लेगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्नी जोर-जोर से चिल्ला रही थी और अमन रो रहे थे। इसके कुछ देर बाद जब अमन दिखाई नहीं दिए, तो पिता ने उन्हें फोन किया। फोन की घंटी बाथरूम के भीतर से सुनाई दी। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण जब वह नहीं खुला, तो गार्ड ने शाफ्ट की खिड़की तोड़ी। अंदर अमन अपनी पत्नी के दुपट्टे से फंदे पर लटके हुए मिले। उन्हें तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जीजा ने दी पुलिस को सूचना
इस घटना के बाद अमन के जीजा ने दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके साले ने घर के बाथरूम में आत्महत्या कर ली है। शुरुआती जांच में पुलिस को किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। घटना की खबर मिलते ही कड़कड़डूमा कोर्ट के कई वकील और अमन के मित्र मौके पर पहुंच रहे हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर वह क्या ठोस वजह थी, जिसने एक जज को इतना खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
Read more:- दिल्ली के Vivek Vihar में भीषण आग, 9 लोगों की मौत

