Gurugram Crime News: साइबर सिटी के वजीरपुर गाँव से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक व्यक्ति ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी और चार मासूम बच्चों को ज़हर देकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी चाकू से अपना गला और हाथ काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। वर्तमान में आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है।
डिनर करने पहुँचे भाई ने देखा खौफनाक मंजर
यह दर्दनाक घटना शनिवार शाम करीब 8:15 बजे हुई। नाजिम, जो मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला है, वजीरपुर गाँव में किराए के मकान में रहता था। जब उसका भाई जीशान उसके घर खाना खाने पहुँचा, तो पहली मंजिल के कमरे का नज़ारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में नाजिम की पत्नी नजमा (35) और चार बच्चे इकरा (12), शिफा (10), आरम (8) और सबसे छोटी बेटी खतीजा (6) अचेत अवस्था में पड़े थे और उनके मुँह से झाग निकल रहा था। वहीं नाजिम लहूलुहान हालत में पास ही तड़प रहा था।
पुलिस की जाँच जारी
सूचना मिलते ही रात करीब 9:00 बजे डीसीपी, एसीपी और क्राइम ब्रांच की टीमें भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचीं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से ज़हर के नमूने और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। डॉक्टरों ने पत्नी और चारों बच्चों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया, जबकि नाजिम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अक्सर होता था झगड़ा
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, नाजिम गढ़ी हरसरू में एक सैलून चलाता था। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि नाजिम और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। शनिवार दोपहर भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसी विवाद से तैश में आकर नाजिम ने पहले अपने पूरे परिवार को ज़हरीला पदार्थ खिलाया और फिर खुद की जान लेने का प्रयास किया।
इलाके में दहशत का माहौल
इस सामूहिक हत्याकांड के बाद से वजीरपुर गाँव में मातम और दहशत का माहौल है। देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी के होश में आने का इंतज़ार कर रही है, ताकि घटना की पूरी जानकारी मिल सके।
Read more:- दिल्ली के Vivek Vihar में भीषण आग, 9 लोगों की मौत

