CNG Price Hike: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और वैश्विक तनाव का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर भी दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की बढ़ती कीमतों के कारण दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी (CNG) के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने पिछले 48 घंटों में दूसरी बार सीएनजी की कीमतें बढ़ाई हैं, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
48 घंटे में दूसरी बार बढ़ीं कीमतें
आज से दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमत में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी के दाम 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए थे। यानी महज तीन दिनों में सीएनजी कुल 3 रुपये महंगी हो चुकी है।
नई दरों के अनुसार दिल्ली में सीएनजी की कीमत बढ़कर 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वही नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी 88.70 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।
बढ़ सकता है ऑटो-टैक्सी का किराया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में ऑटो-रिक्शा, ओला-उबर और सीएनजी आधारित टैक्सियों के किराए में भी इजाफा हो सकता है।
पेट्रोल-डीजल के दाम में भी बढ़ोतरी
15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। चार वर्षों से अधिक समय में यह पहली बार है जब तेल कंपनियों ने इतनी बड़ी बढ़ोतरी की है।
नई कीमतों के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है। और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
क्यों बढ़ रहे हैं ईंधन के दाम?
विशेषज्ञों के अनुसार, ईरान और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। पिछले कुछ सप्ताहों से कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई है।
इसके अलावा, डॉलर के मुकाबले रुपये में भी कमजोरी आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से रुपया डॉलर के मुकाबले 5 प्रतिशत से अधिक कमजोर हुआ है। इसका सीधा असर आयात लागत पर पड़ा है, जिससे तेल कंपनियों का खर्च बढ़ गया है।
Read more:- Rajdhani Express के 2 डिब्बों में लगी भीषण आग, दिल्ली-मुंबई रूट ठप

