Cocktail 2: शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की मोस्ट अवेटेड रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ की रिलीज में अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है। यह फिल्म 19 जून, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी क्रेज देखा जा रहा है और यही वजह है कि एडवांस बुकिंग के मामले में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली है।
हालांकि शुरुआती दिनों में टिकटों की बिक्री थोड़ी धीमी रही थी, लेकिन जैसे-जैसे रिलीज की तारीख नजदीक आई, दर्शकों ने थिएटर्स की तरफ रुख करना शुरू कर दिया। एडवांस बुकिंग में आए इस बंपर उछाल को देखकर फिल्म के मेकर्स और स्टार कास्ट बेहद खुश हैं।
धीमी शुरुआत के बाद पकड़ी तूफानी रफ्तार
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ‘कॉकटेल 2’ ने ओपनिंग डे के लिए अब तक करीब 69 हजार से ज्यादा टिकटों की एडवांस सेल कर ली है। अगर बिना ब्लॉक सीट्स के आंकड़ों की बात करें, तो फिल्म ने एडवांस बुकिंग से करीब 2.41 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं, ब्लॉक सीट्स को शामिल करने के बाद यह कलेक्शन बढ़कर लगभग 4.58 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। अभी फिल्म की रिलीज में पूरा एक दिन बाकी है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि फाइनल आंकड़ों में और भी बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
साल 2026 की टॉप 3 फिल्मों में बनाई जगह
इस शानदार कलेक्शन के साथ ही ‘कॉकटेल 2’ ने साल 2026 की टॉप 5 प्री-सेल्स फिल्मों की लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। इसने इस साल रिलीज हुई ‘भूत बंगला’ (3.32 करोड़ रुपये), ‘ओ’रोमियो’ (3.07 करोड़ रुपये) और ‘है जवानी तो इश्क़ होना है’ (2.61 करोड़ रुपये) जैसी फिल्मों के प्री-सेल रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस लिस्ट में फिलहाल 53 करोड़ रुपये के साथ ‘धुरंधर 2’ पहले नंबर पर और 12.5 करोड़ रुपये के साथ ‘बॉर्डर 2’ दूसरे नंबर पर काबिज है।
‘कॉकटेल 2’ के लिए सबसे फायदे की बात यह है कि 19 जून को बॉक्स ऑफिस पर इसके मुकाबले कोई भी बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। पिछले हफ्तों में आई फिल्में जैसे ‘मैं वापस आऊंगा’, ‘भारत भाग्य विधाता’ और हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ बॉक्स ऑफिस पर शांत पड़ चुकी हैं, जिसका सीधा फायदा शाहिद कपूर की फिल्म को मिलेगा।
‘बंधु 2.0’ गाने और स्टार कास्ट से बढ़ा उत्साह
दर्शकों की उत्सुकता को बढ़ाने के लिए मेकर्स ने हाल ही में इसका नया गाना ‘बंधु 2.0’ भी रिलीज किया है, जो साल 2012 में आई मूल फिल्म ‘कॉकटेल’ के सुपरहिट गाने ‘तुम्ही हो बंधु’ का रीमेक है। प्रीतम के संगीत और कविता सेठ व नीरज श्रीधर की आवाज वाले इस गाने को सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।
Read more:- Bigg Boss 20: फैसु से लेकर उर्फी जावेद तक, इस सीजन में नजर आ सकते हैं ये बड़े स्टार्स!

