Chamba Bolero Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ बुधवार रात को एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन सगे भाई और तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा चुराह उपमंडल के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर ‘माणी जीरो’ के पास रात करीब 2 बजे हुआ। गाड़ी में सवार सभी लोग कुठेड़ पंचायत के महल गांव के रहने वाले थे। वे काकड़ोथा गांव में एक मुंडन संस्कार के कार्यक्रम (धाम) में शामिल होने गए थे। वहाँ से खाना खाकर जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी छतरूंड के पास गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
ग्रामीणों ने रात में ही शुरू किया बचाव कार्य
हादसे की जोरदार आवाज सुनते ही आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे। घने अंधेरे और बेहद गहरी खाई होने के बावजूद ग्रामीणों ने हौसला दिखाया और नीचे उतरकर राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने ही सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। चंबा के एसपी विजय सकलानी ने बताया कि सभी शवों को खाई से निकाल लिया गया है और मृतकों की पहचान व अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
इस हादसे के बाद प्रशासन और सड़क प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और चुराह के विधायक हंस राज ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। विधायक ने बताया कि पीड़ित परिवार से उनकी मित्रता थी और वह एक फौजी परिवार था।
स्थानीय लोगों और विधायक ने आरोप लगाया है कि इस खतरनाक पहाड़ी सड़क के किनारे क्रैश बैरियर यानी सुरक्षा दीवार नहीं लगी है। लोगों का कहना है कि अगर सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम होते, तो गाड़ी खाई में नहीं गिरती और इस बड़े हादसे को टाला जा सकता था।
गौरतलब है कि चंबा जिले में पिछले कुछ दिनों के भीतर यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 31 मई को बैरागढ़-सच पास मार्ग पर एक इनोवा गाड़ी के खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 17 जून को भी एक कार हादसे में दो लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। फिलहाल पुलिस ने इस ताजा मामले को दर्ज कर लिया है और हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।
Read more:- Raipur Airport पर बड़ा हादसा टला, दिल्ली से आई एयर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी

