Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ अपने ननिहाल में घर के बाहर खेल रही साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ पड़ोसी गाँव के रहने वाले 48 वर्षीय गजेंद्र सिंह ने दुष्कर्म किया। आरोपी मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म के बाद उसे गाँव के पास नहर किनारे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया।
बता दें कि घटना सैदनगली थाना क्षेत्र की है। जहां बच्ची अपनी माँ के साथ ननिहाल आई हुई थी। और मंगलवार शाम जब वह घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी गजेंद्र सिंह (48 वर्ष) उसे बहला-फुसलाकर गाँव के बाहर नहर किनारे ले गया। वहाँ आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया।
परिजनों को नहर किनारे मिली मासूम
बच्ची के गायब होने पर परिजनों ने जब तलाश शुरू की, तो उन्हें नहर के पास से रोने की आवाज़ सुनाई दी। मौके पर पहुँचने पर बच्ची लहूलुहान और गंभीर हालत में मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास सहरावत और एसपी अमित कुमार आनंद मौके पर पहुँचे। मासूम को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
CCTV फुटेज से हुई पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद ली। गाँव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जाँच की गई, जिसमें आरोपी गजेंद्र की पहचान हुई।
बुधवार को जब पुलिस ने बेगपुर मुंडा के जंगल में आरोपी को घेरा, तो उसने भागने की फिराक में पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक बिना नंबर की बाइक और अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस का बयान
‘सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का इलाज चल रहा है और वह अब खतरे से बाहर है। आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।’- अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा
Read more:- Mathura News : वृंदावन में मारपीट का मामला, तीन युवकों को बेरहमी से पीटा

