Budaun news: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मोती निगलने से 4 साल की बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पहली क्लास में पढ़ने वाली बच्ची ने क्लास के दौरान जमीन पर पड़ा मोती निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में दिक्कत होने पर स्कूल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां इलाज नहीं मिल सका। बाद में जिला अस्पताल ले जाने पर भी उपचार न मिलने से मासूम की मौत हो गई।
यह घटना बदायूं जिले के ककराला स्थित न्यू होप्स पब्लिक स्कूल की है। बच्ची के पिता ने बताया कि वह सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने गए थे। तापसी लंच के लिए दो पराठे लेकर स्कूल गई थी और उसे किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी। लेकिन कुछ समय बाद स्कूल से फोन आया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है। जब वे स्कूल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनकी बच्ची की मौत हो चुकी है।
न्यू होप्स पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल भूराज सिंह ने जानकारी दी कि बच्ची सुबह सही-सलामत स्कूल आई थी। उनके अनुसार, क्लास में बैठी एक अन्य छात्रा ने बताया कि तापसी ने हाथ में पहने ब्रेसलेट का मोती चबा लिया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत बच्ची के परिजनों को सूचित किया। स्कूल की गाड़ी से बच्ची को तीन अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रिंसिपल भूराज सिंह ने कहा कि यह बच्ची सिर्फ एक पिता की नहीं, बल्कि मेरी भी बच्ची थी। वह 5 से 6 घंटे स्कूल में रहती थी, इसलिए हम हर तरह से परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दे दिए गए हैं ताकि पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सके। अब यह मामला पुलिस के पास है, जो बच्ची का पोस्टमार्टम करवा रही है।
परिजनों का आरोप है कि यह घटना स्कूल की लापरवाही के कारण हुई है। हालांकि, स्कूल प्रशासन का कहना है कि उन्होंने सभी कोशिशें कीं, लेकिन बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी।
Read more:- Barabanki news: बाराबंकी में विदाई से पहले खुला राज, दूल्हा निकला किन्नर

