Delhi Heatwave 2026: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में इन दिनों भीषण गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके चलते लोगों को लू और तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दोपहर में सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
गुरुवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री रह सकता है। मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है।
दोपहर में तेज गर्मी और लू चल सकती है, हालांकि शाम को हल्की राहत मिल सकती है। पूरे हफ्ते बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी का असर लगातार बना रहेगा। अगले 2-3 दिन सबसे ज्यादा गर्म रहने की संभावना है।
वायु गुणवत्ता मध्यम से खराब
वहीं, वायु गुणवत्ता भी मध्यम से खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली का औसत AQI 201 दर्ज किया गया। एनसीआर के अन्य शहरों में भी AQI 177 से 188 के बीच रहा।
26 अप्रैल के बाद मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार 26 अप्रैल के बाद मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है। आंशिक बादल छाने की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। 27 और 28 अप्रैल को भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
फिलहाल लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज धूप और गर्मी से बचें और जरूरी होने पर ही दोपहर में बाहर निकलें। पर्याप्त पानी पिएं और खुद को हाइड्रेट रखें।
Read more:- परिवार का खर्च नहीं उठा सकते तो शादी न करें: Allahabad High Court

