Delhi Murder: कनॉट प्लेस से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ महज मामूली कहासुनी के बाद कुछ डिलीवरी बॉयज ने 36 वर्षीय कारोबारी शिवम गुप्ता पर हेलमेट और पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
लक्ष्मी नगर के रहने वाले शिवम गुप्ता 2 जनवरी की रात अपने दोस्त के साथ कनॉट प्लेस में एक पार्टी करने गए थे। रात करीब 1:30 बजे जब वे रेस्टोरेंट से बाहर निकले, तो राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के ई-ब्लॉक के पास उन्होंने एक डिलीवरी बॉय से पानी मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि डिलीवरी बॉय ने अपने दो साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि तीनों ने मिलकर शिवम को बुरी तरह पीटा। एक आरोपी ने शिवम के सिर पर हेलमेट से कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर फुटपाथ पर गिर पड़े।
17 दिनों तक अस्पताल में लड़ी जंग
3 जनवरी की रात पुलिस को शिवम सड़क पर बेहोश मिले। उन्हें तुरंत लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहाँ 5 जनवरी को उनके सिर की सर्जरी हुई। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। करीब 17 दिनों तक वेंटिलेटर और बिस्तर पर मौत से लड़ने के बाद, 19 जनवरी को शिवम ने दम तोड़ दिया।
पिता ने मांगी न्याय की भीख
शिवम अपने पिता अनिल कांत गुप्ता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता पहाड़गंज में दो दुकानें चलाते हैं। पिता ने रोते हुए बताया, ‘मेरा बेटा पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। मैं उसे फोन करता रहा, लेकिन जवाब नहीं मिला। फिर पुलिस का फोन आया कि वह अस्पताल में है। मेरा सब कुछ उजड़ गया है, बस अब दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और सबूत जुटाए। पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही तीसरे फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
Read more:- Ghaziabad Suicide: ऑनलाइन गेम की लत ने ली तीन सगी बहनों की जान

