बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर Shraddha Kapoor अपनी आने वाली फिल्म ‘ईथा’ को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉकटेल 2’ के साथ इस फिल्म का पहला टीजर दिखाया गया। टीजर में श्रद्धा कपूर का अवतार और उनकी एक्टिंग इतनी जबरदस्त है कि इसे देखकर दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर अब इस टीजर के वीडियो क्लिप्स लगातार वायरल हो रहे हैं।
मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई की कहानी
यह फिल्म महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार ‘विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर’ के जीवन पर आधारित है। फिल्म में 1940 से लेकर 1990 के दशक तक उनके संघर्ष, सफलता और कला के प्रति उनके जुनून के सफर को दिखाया जाएगा। श्रद्धा कपूर पहली बार पर्दे पर एक ठेठ मराठी तमाशा डांसर के रूप में नजर आ रही हैं।
टीजर का वो सीन जिसने सबको चौंकाया
‘ईथा’ का टीजर बेहद भावुक और झकझोर देने वाला है। टीजर की शुरुआत में श्रद्धा कपूर नौवारी साड़ी पहने, बालों में गजरा और माथे पर बड़ी सी बिंदी लगाए दिखती हैं। वह 9 महीने की प्रेग्नेंट महिला के रूप में दर्द से कराहते हुए स्टेज पर गिर पड़ती हैं। वह स्टेज के पीछे (बैकस्टेज) जाती हैं, बच्चे को जन्म देती हैं और हिम्मत दिखाते हुए पत्थर से उसकी नाल काटकर वापस स्टेज पर अपनी परफॉर्मेंस पूरी करने लौट आती हैं।
टीजर के बैकग्राउंड में श्रद्धा की आवाज में एक दमदार डायलॉग भी सुनाई देता है- ‘पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी… पर नाचते हुए मरी, तो मिसाल बन जाऊंगी!’
फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट
इस फिल्म का निर्देशन ‘छावा’ जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर लक्ष्मण उटेकर ने किया है। फिल्म ‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर के अलावा रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘स्त्री 2’ की शानदार सफलता के बाद श्रद्धा के इस नए और अनोखे रूप को देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं। यह फिल्म 28 अगस्त, 2026 को रक्षाबंधन के खास मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Read more:- Cocktail 2 ने रिलीज से पहले ही की बंपर एडवांस बुकिंग, कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड टूटे

