Hantavirus

दुनिया पर मंडराया Hantavirus का नया खतरा, WHO ने इन देशों को किया अलर्ट

Hantavirus : कोरोना महामारी के ज़ख्म अभी पूरी तरह भरे भी नहीं थे कि एक और जानलेवा वायरस ने चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। इस वायरस का नाम ‘हंता वायरस’ है, जिसकी शुरुआत दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित सुदूर ब्रिटिश क्षेत्र सेंट हेलेना में एक डच क्रूज़ शिप ‘MV Hondius’ पर हुई। इस वायरस से अब तक तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है। यह वायरस एक इंसान से दूसरे इंसान में फैलता है। अब तक इस गंभीर सांस संबंधी बीमारी के कुल आठ मामले सामने आए हैं, जिनमें से पांच में ‘एंडीज वायरस’ (Andes virus) की पुष्टि हुई है।

कैसे फैलता है हंता वायरस?

यह वायरस इसलिए भी अधिक खतरनाक माना जा रहा है क्योंकि आमतौर पर हंता वायरस चूहों से फैलता है। चूहों के पेशाब, लार और मल से संक्रमण होना इसका सबसे बड़ा कारण माना जाता है। इनके बेहद छोटे कण हवा में मिल जाते हैं और सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर संक्रमण फैलाते हैं।

लेकिन ‘एंडीज’ नाम का यह विशेष स्ट्रेन एक इंसान से दूसरे इंसान में भी फैलने की क्षमता रखता है। WHO प्रमुख टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने चेतावनी दी है कि चूंकि इस वायरस का इंक्यूबेशन पीरियड छह हफ्तों तक का हो सकता है, इसलिए आने वाले समय में संक्रमितों की संख्या बढ़ सकती है। वर्तमान में 12 देशों को अलर्ट पर रखा गया है और संदिग्ध मरीजों की निगरानी की जा रही है। इन देशों में कनाडा, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड्स, न्यूजीलैंड, सेंट किट्स एंड नेविस, सिंगापुर, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका शामिल हैं।

क्या हैं शुरुआती लक्षण?

हंता वायरस के शुरुआती लक्षणों में बुखार, शरीर दर्द, खासकर जांघ, कमर और पीठ की मांसपेशियों में दर्द, कमजोरी और थकान, सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी, दस्त और पेट दर्द शामिल हैं। शुरुआती लक्षणों के चार से दस दिन बाद मरीज को खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसके बाद फेफड़ों में पानी भर सकता है, जिससे बीमारी तेजी से गंभीर रूप ले सकती है।

कैसे होगा इलाज?

फिलहाल हंता वायरस के लिए कोई विशेष इलाज या दवा उपलब्ध नहीं है। डॉक्टर मरीज के लक्षणों के आधार पर उसका उपचार करते हैं। हालांकि भारत में हंता वायरस के मामले बेहद कम सामने आए हैं, इसलिए फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि हंता वायरस से बचाव के लिए घर और आसपास की साफ-सफाई रखें, दीवारों और दरवाजों के छेद बंद करें, खाने-पीने की चीजें खुली न छोड़ें और लंबे समय से बंद कमरों की सफाई करते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें।

Read more:- Hamirpur Yamuna Boat Accident: यमुना में नाव पलटने से 3 की मौत, 3 बच्चे अभी भी लापता

More From Author

Akshay Kumar

Akshay Kumar की आंखों की सर्जरी, फिल्म की शूटिंग से लिया छोटा ब्रेक

_Shakti Kapoor

मौत की झूठी अफवाह पर भड़के Shakti Kapoor, कहा- मैं लीगल एक्शन लूंगा