Model Town news: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में सनसनीखेज लूट का मामला सामने आया है। यहां तीन बदमाश आधार अपडेट कराने के बहाने दुकान में घुसे और चाकू की नोक पर दुकानदार को बंधक बनाकर 14 लाख रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
कैसे हुई वारदात
महेंद्रू एन्क्लेव निवासी शिकायतकर्ता कार्तिक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी दुकान के अंदर फिल्म देख रहे थे। तभी तीन अज्ञात व्यक्ति आधार में अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराने के बहाने दुकान में घुस आए। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराना है।
दुकान में घुसने के बाद, जब तक दुकानदार कुछ समझ पाते, बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। एक आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने कनपटी पर पिस्तौल तान दी और तीसरे ने उनकी गर्दन पर चाकू रखकर नकदी की मांग की। इसके बाद तीनों 14 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
Read more:- Amity International School में बड़ी लापरवाही, कई घंटे तक बस में बंद रहा UKG का मासूम

