Rashmika-Vijay wedding: बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के फेमस कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अब एक-दूजे के हो चुके हैं। जी हाँ, कपल ने 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में शादी कर ली। शादी की तस्वीरें कपल ने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा की हैं। यह एक निजी समारोह था, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल थे।
रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि कपल ने पूरी परंपरा और रीति-रिवाजों के साथ शादी की। रश्मिका लाल और भगवा रंग की सिल्क साड़ी में नजर आईं। उनके लुक को हैवी टेम्पल ज्वेलरी, लेयर्ड हार और पारंपरिक गोल्ड से पूरा किया गया। वहीं, विजय देवरकोंडा का लुक भी फैंस को बेहद पसंद आया। वे धोती और पारंपरिक ज्वेलरी में दिखाई दिए।
शादी के बाद रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा-आप सभी को अपने पति से मिलवाती हूं। मिस्टर विजय देवरकोंडा! वह शख्स जिसने मुझे सच्चा प्यार क्या होता है, यह सिखाया। वह शख्स जिसने मुझे सुकून से जीना दिखाया। जिसने मुझे हर दिन कहा कि बड़े सपने देखना बिल्कुल ठीक है और लगातार मुझसे कहा कि मैं उससे कहीं ज्यादा हासिल कर सकती हूँ, जितना मैं सोच भी नहीं सकती।
वहीं, विजय देवरकोंडा ने भी अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा-एक दिन मुझे उसकी बहुत याद आई। मुझे लगा कि अगर वह मेरे पास होती तो मेरा दिन कितना खुशनुमा होता। जैसे अगर वह मेरे सामने बैठी होती तो खाना और लजीज लगता। जैसे अगर वह मेरे साथ वर्कआउट करती तो मेरा वर्कआउट आसान और मजेदार होता। मुझे महसूस हुआ कि मुझे उसकी बहुत जरूरत है। इसलिए मैंने अपनी सबसे अच्छी दोस्त को अपना हमसफर बनाया – मेरी पत्नी। 26.02.2026, यह यादगार दिन रहेगा।
कपल की तस्वीरें देख बॉलीवुड सितारे भी खूब प्यार बरसा रहे हैं- कृति सेनन ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा- ‘ओह!!! बहुत-बहुत बधाई रशू!! आप दोनों को!! आप दोनों को जीवन भर खुशियां और प्यार मिले।।’ वही आयुष्मान खुराना ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा- ‘दिल से बधाई हो दोस्तों।’ नेहा धूपिया ने लिखा, ‘आप दोनों को बधाई।’ ईशान खट्टर ने लिखा, ‘बधाई हो दोस्तों!’ भूमि पेडनेकर ने कमेंट करते हुए कहा, ‘बधाई।’ वहीं मौनी रॉय ने दोनों सितारों की शादी की तस्वीरों पर प्यार बरसाते हुए लिखा, ‘बहुत प्यारा। बधाई हो प्रेमियों।’
‘रणबाली’ में आएँगे नजर
शादी के बाद कपल जल्द ही एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। दोनों राहुल सांकृत्यायन की डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रणबाली’ में दिखाई देंगे। यह फिल्म आजादी के दौर की अनकही सच्चाई को पेश करेगी। फिल्म का ऐलान 26 जनवरी 2026 को किया गया था और इसे 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा।
Read more:- Rashmika Mandanna की शादी से पहले दिखा ब्राइडल ग्लो, कपल का कार्ड हुआ वायरल

