8 हजार में डोला उपकोषाधिकारी का इमान
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में विजिलेंस की ट्रैप टीम ने 28 अगस्त को सतपुली के उपकोषाधिकारी कौशल कुमार को उसके किराए के मकान पर 8 हजार रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी से बरामद रकम को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामला तब सामने आया जब पौड़ी गढ़वाल के सतपुली निवासी रविंद्र रावत ने देहरादून स्थित विजिलेंस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि जून और जुलाई के दौरान डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण के लगभग 10 लाख रुपये के बिल पास कराने के एवज में उपकोषाधिकारी ने रिश्वत की मांग की थी। उन्होंने बताया कि उपकोषाधिकारी ने बिल पास कराने के लिए प्रतिशत के हिसाब से अवैध धन देने का दबाव बनाया था। इस गिरफ्तारी के बाद विभाग और प्रशासनिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
विजिलेंस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया
विजिलेंस ने रविंद्र रावत की शिकायत पर सतपुली के उपकोषाधिकारी कौशल कुमार के खिलाफ की गई जांच में आरोप सही पाए। इसके बाद विजिलेंस ने ट्रैप ऑपरेशन चलाकर 28 अगस्त को आरोपी को उसके किराए के मकान पर 8 हजार रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। विजिलेंस ने बरामद रकम को कब्जे में लेकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों में खौफ का माहौल है और आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच शुरू की जाएगी।
लेखक- शुभम तिवारी (HNN24X7)

