Dhurandhar 2

रिलीज से पहले ही Dhurandhar 2 ने बनाया नया इतिहास, पेड प्रीव्यू से कमा लिए 12 करोड़

Dhurandhar 2: निर्देशक आदित्य धर की अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसे सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिल रही है। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से एक दिन पहले यानी 18 मार्च को इसका पेड प्रीव्यू रखा गया है। दिलचस्प बात यह है कि पेड प्रीव्यू के टिकटों की एडवांस बुकिंग से ही फिल्म अब तक 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।

टिकटों की भारी डिमांड

पेड प्रीव्यू के टिकट 7 मार्च से बिक्री के लिए उपलब्ध हुए थे। ट्रेलर रिलीज के बाद टिकटों की बिक्री तेजी से बढ़ी और कई शहरों में शो हाउसफुल हो गए हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत कई बड़े शहरों में थिएटर के क्लासिक, प्राइम, एग्जीक्यूटिव और वीआईपी सेक्शन तक बुक हो चुके हैं। टिकटों की कीमत 400 रुपये से लेकर 2400 रुपये तक रखी गई है।

कई फिल्मों के रिकॉर्ड टूटे

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने प्री-सेल्स से 12.29 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। इस कमाई के साथ ‘धुरंधर 2’ ने कई फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ ने पहले दिन 9 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, वहीं टाइगर श्रॉफ की ‘बागी 4’ ने 12 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। बता दें कि ‘धुरंधर 2’ ने सिर्फ प्रीव्यू टिकटों की बिक्री से ही इन फिल्मों की ओपनिंग कमाई को पीछे छोड़ दिया है।

पेड प्रीव्यू में बनाया नया रिकॉर्ड

पेड प्रीव्यू कलेक्शन के मामले में भी फिल्म ने बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ ने प्रीमियर में 6.75 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘स्त्री 2’ ने 9.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब ‘धुरंधर 2’ इन दोनों फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है।

पांच भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म

फिल्म हिंदी के साथ-साथ कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देशभर में अब तक 12 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और महाराष्ट्र व दिल्ली में सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग देखी जा रही है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई-एक्शन फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और सारा अर्जुन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी भारतीय स्पाई एजेंट हमज़ा अली के अतीत पर आधारित है।

ओटीटी रिलीज पर भी नजर

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के डिजिटल राइट्स बिक चुके हैं और इसे जियोहॉटस्टार ने खरीदा है। हालांकि अभी इसकी ओटीटी रिलीज डेट का ऐलान नहीं हुआ है। आमतौर पर बॉलीवुड फिल्में थिएटर रिलीज के 45 से 60 दिन बाद ओटीटी पर आती हैं, इसलिए उम्मीद है कि ‘धुरंधर 2’ भी करीब 40–50 दिनों में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आ सकती है।

पहली फिल्म ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘धुरंधर 2’ अपने पहले पार्ट का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी या नहीं।

Read more:- Dhurandhar 2 Advance Booking ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, रिलीज से पहले ही कमाए 13 करोड़

More From Author

Alpha Release Date

Alpha Release Date: कब होगी आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ रिलीज़? नई डेट आई सामने