Ghee Tanker Overturned: आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पुणे से तिरुमाला मंदिर के लिए 21,000 लीटर घी ले जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर घी बहने लगा, जिसे इकट्ठा करने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। ड्राइवर और क्लीनर को मामूली चोटें आईं।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, यह घटना कोंडापुरम मंडल में चित्रावती पुल के पास हुई। टैंकर पुणे से तिरुपति जा रहा था। पुल पार करते समय ड्राइवर ने दूसरे वाहन से टकराने से बचने की कोशिश की, जिससे गाड़ी गीली मिट्टी पर फिसल गई और पलट गई।
घी बटोरने की होड़
हादसे के तुरंत बाद टैंकर से घी बहने लगा। जैसे ही गांव वालों को इसकी खबर मिली, वे बाल्टी, डिब्बे, मटके और पतीले लेकर मौके पर पहुंच गए। वायरल वीडियो में लोग गंदगी की परवाह किए बिना जमीन से घी इकट्ठा करते दिखाई दे रहे हैं। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को हटाया।
क्यों खास था यह घी?
घी तिरुपति तिरुमाला मंदिर में प्रसाद बनाने और दीयों में इस्तेमाल किया जाता है। खासकर तिरुपति लड्डू बनाने में इसका मुख्य इस्तेमाल होता है। लड्डू बनाने के लिए रोजाना 300 से 500 लीटर घी की जरूरत होती है।
सोशल मीडिया पर बहस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। कुछ यूज़र्स ने कहा कि यह लूट नहीं है, क्योंकि घी पहले ही गिर चुका था और लोग उसे बचा रहे थे। वहीं, कुछ यूज़र्स ने इस पर आपत्ति जताई।
Read more:-CBSE Maths Paper का QR कोड स्कैन करते ही बजने लगा गाना, सीबीएसई ने दी सफाई

