Ganga Expressway Route: उत्तर प्रदेश अब केवल अपनी समृद्ध संस्कृति ही नहीं, बल्कि वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी पहचाना जा रहा है। इसी क्रम में 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। लगभग 36,402 करोड़ रुपये की लागत से बना यह 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे यूपी का सबसे लंबा कॉरिडोर है।
गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुडापुर दांदू गांव तक जाएगा। इसके चालू होने से मेरठ से प्रयागराज तक का सफर, जो पहले 11-12 घंटे में पूरा होता था, अब घटकर केवल 6-7 घंटे रह जाएगा। यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों से होकर गुजरेगा, जिनमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं। इसके अलावा 500 से अधिक गांव इस परियोजना से सीधे जुड़ेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सड़क और बाजार सुविधाएं मिलेंगी।
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी जुड़ा होगा, जिससे दिल्ली और एनसीआर से प्रयागराज तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों तक यात्रा अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।इस परियोजना के किनारे औद्योगिक और लॉजिस्टिक कॉरिडोर भी विकसित किए जा रहे हैं, जिससे नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और लाखों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। किसानों को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि वे अपने उत्पाद आसानी से बड़े शहरों तक पहुंचा सकेंगे।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से शाहजहांपुर जिले में 3.5 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप बनाई गई है, जहां आपात स्थिति में वायुसेना के विमान भी उतर सकेंगे। भविष्य में इस एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, जेवर एयरपोर्ट और अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ने की योजना है, जिससे यह एक बड़े परिवहन नेटवर्क का हिस्सा बन जाएगा।
Read more:- Narmadapuram Barat Accident: नर्मदापुरम जिले में भीषण सड़क हादसा, मौके पर 5 लोगों की मौत

