Lucknow Airport: राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब दुबई जा रहे एक यात्री के बैग से अवैध हथियार बरामद हुआ। यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से यात्रा करने वाला था. सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
स्क्रीनिंग में हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, गोंडा जिले के मनकापुर का रहने वाला 22 वर्षीय महेश कुमार चौहान सुबह करीब 5:45 बजे एयरपोर्ट पहुंचा था। शुरुआती सुरक्षा जांच पार करने के बाद जब वह चेक-इन काउंटर पर पहुंचा, तो एडवांस स्क्रीनिंग मशीन में उसके बैग में संदिग्ध वस्तु का संकेत मिला।
इसके बाद Central Industrial Security Force और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने बैग की तलाशी ली। जांच में कपड़ों के बीच छिपाकर रखा गया 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

पूछताछ में उलझा आरोपी
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रोजगार के लिए दुबई जा रहा था, लेकिन हथियार के बारे में वह कोई साफ़ जवाब नहीं दिया और अपने बयान बदलता रहा। इससे संदेह और गहरा गया है।
जांच एजेंसियां सतर्क
पुलिस अधिकारी रजनीश वर्मा के मुताबिक, आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि क्या वह किसी अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा है और इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद वह हथियार लेकर चेक-इन तक कैसे पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस ने अवैध हथियार जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वह न्यायिक हिरासत में है और सुरक्षा एजेंसियां इस घटना के हर पहलू की जांच कर रही हैं, ताकि किसी संभावित बड़ी साजिश का पता लगाया जा सके।
Read more:- सीएम योगी का बड़ा फैसला,Ganga Expressway पर 13 मई तक करें फ्री सफर!

