PM Georgia Meloni: आज के समय में जहाँ डिजिटल चीज़ों के कई फायदे हैं, वहीं इसके नुकसान भी उतने ही ज़्यादा हैं। इस समय AI का दौर है, जहाँ यह छोटे बच्चों से लेकर बड़ों तक के काम आता है। वहीं दूसरी तरफ, कई हस्तियों की छवि खराब करने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। हम बात कर रहे हैं डीपफेक की, जिसका शिकार दीपिका पादुकोण से लेकर अक्षय कुमार तक हो चुके हैं। अब ताज़ा मामला इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का सामने आया है, जिनकी एक फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की गई। इस फोटो को देखने के बाद मेलोनी ने खुद कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आइए जानते हैं-
डीपफेक पर क्या बोलीं मेलोनी?
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि, ‘आजकल मेरी कई नकली तस्वीरें सर्कुलेट हो रही हैं, जिन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है और कुछ कट्टर विरोधी उन्हें असली बताकर फैला रहे हैं। मुझे यह मानना पड़ेगा कि जिसने भी इन्हें बनाया है, कम से कम इस मामले में उसने मुझे थोड़ा बेहतर ही दिखाया है। लेकिन सच यह है कि सिर्फ हमला करने और झूठी बातें गढ़ने के लिए आजकल किसी भी चीज़ का इस्तेमाल किया जा रहा है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह बात सिर्फ मुझसे जुड़ी नहीं है। डीपफेक एक खतरनाक हथियार है, क्योंकि यह किसी को भी धोखा दे सकता है, मैनिपुलेट कर सकता है और उन पर हमला कर सकता है। मैं तो अपना बचाव कर सकती हूँ, लेकिन बहुत से लोग ऐसा नहीं कर सकते।’
इस बयान के जरिए मेलोनी ने आम लोगों को इस खतरे के प्रति आगाह किया है। बता दें कि मेलोनी ने एक यूज़र का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया, जिसमें उनकी AI-जनरेटेड तस्वीर के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, जिसमें लिखा था कि प्रधानमंत्री को ‘शर्म’ आनी चाहिए। इसके जवाब में मेलोनी ने कहा कि बिना जांचे-परखे किसी भी कंटेंट पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे शेयर करें।
तंज कसते हुए उन्होंने यह भी लिखा कि जिसने भी यह फोटो बनाई है, उसने उन्हें असलियत से थोड़ा बेहतर ही दिखाया है। हालांकि उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फोटो कैसी दिखती है, यह मुद्दा नहीं है, बल्कि चिंता इस बात की है कि आजकल किसी पर हमला करने और झूठ फैलाने के लिए लोग किसी भी हद तक जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं डीपफेक की शिकार
ऐसा पहली बार नहीं है कि मेलोनी डीपफेक का शिकार हुई हैं। दो साल पहले भी उन्होंने एक व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था, जिसने उनकी डीपफेक तस्वीर बनाकर ऑनलाइन पोस्ट की थी। यह मामला अभी भी कोर्ट में चल रहा है।
Read more:- Punjab Blast: पंजाब में सुरक्षा में बड़ी चूक? एक ही रात में जालंधर और अमृतसर में डबल ब्लास्ट

