Ahmedabad Cyber Crime: डिजिटल युग के चलते ऑनलाइन ठगी और साइबर क्राइम के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अब एक नया मामला अहमदाबाद से सामने आया है, जहाँ इंस्टाग्राम पर खुद को ‘आध्यात्मिक हीलर’ बताकर महिलाओं को भरोसा दिलाया गया और फिर उन्हें आपत्तिजनक वीडियो कॉल करने के लिए मजबूर किया गया।
इस पर कार्रवाई करते हुए बीकानेर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस आरोपी के बाकी दो साथियों की तलाश अभी जारी है। आइए पूरा मामला समझते हैं-
कैसे दिया इस ठगी को अंजाम?
आरोपी महिलाओं को अलग-अलग मोबाइल नंबर और मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर संपर्क करता था, ताकि उसकी पहचान पुलिस से छिपी रहे। बता दें कि आरोपी ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल ‘astrologer_pooja_kinnar_maa’, ‘kinnargurumatasushilaji’, ‘kinnar maa santoshdevi’ और ‘astrotalk with bheravial’ जैसे कई अकाउंट बनाए थे। इन अकाउंट्स के जरिए वह विज्ञापन के माध्यम से महिलाओं को झांसा देता था।
साथ ही, अपनी पहचान छिपाने के लिए खुद को किन्नर ज्योतिषी बताता था। वह प्रतिदिन करीब 3000 महिलाओं से संपर्क करता था और 60 से 65 पीड़ितों से पूजा-विधि के नाम पर ₹3,000 से ₹15,000 तक वसूलता था।
इसके अलावा, भरोसा जीतकर पूजा के नाम पर उनसे निजी जानकारी और फोटो मंगाए जाते थे। फोटो मिल जाने के बाद उन्हें एडिट कर वायरल करने की धमकी दी जाती थी।
साथ ही ‘शुद्धिकरण विधि’ के नाम पर पीड़ितों को व्हाट्सऐप कॉल पर अश्लील वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया जाता था, जिसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली जाती थी। इसके बाद ‘वन व्यू’ में फोटो और वीडियो भेजकर पैसे मांगे जाते थे। मना करने पर सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करने की धमकी दी जाती थी।
वर्तमान मामले में पीड़िता से कुल ₹1,43,951 की ठगी अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से की गई। बढ़ती मांग को देखते हुए पीड़िता ने साइबर क्राइम यूनिट की मदद ली, जिसके चलते अब तक एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है। जांच में अब तक चार बैंक खाते सामने आए हैं, जिनमें Axis Bank, Bank of Baroda और State Bank of India के दो खाते शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी
बीकानेर से गिरफ्तार आरोपी का नाम राजनीश गोविंदलाल भार्गव है, जो घर नं. 1096, रामपुरिया रोड, भार्गव मोहल्ला का निवासी है। उसने बी.ए. तक पढ़ाई की है।
फरार आरोपी
(1) विकास पोखराज भार्गव, निवासी भार्गव मोहल्ला, गोपेश्वर बस्ती, गंगाशहर, बीकानेर, राजस्थान
(2) रवि सत्यनारायण भार्गव, निवासी खेतेश्वर बस्ती, मंदिर के पास, गोपेश्वर बस्ती, बीकानेर, राजस्थान
फिलहाल पुलिस ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में CR No. 11191067260073/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 77, 78(2), 308(2), 318(4), 351(2), 61(2) तथा IT एक्ट की धारा 66(D) और 67 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।
Read more:- IndiGo flight में यात्री का पावर बैंक फटने से मची अफरा-तफरी, 5 यात्री घायल

