Operation Sindoor : आज की तारीख भारतीय इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुकी है। आज ही के दिन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया था और इस ऐतिहासिक अभियान को पूरा हुए एक साल हो गया है। यह दिन भारतीय सेना के साहस, रणनीति और देशभक्ति का प्रतीक माना जाता है। पूरे देश में वीर जवानों के शौर्य को याद किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री और मंत्रियों ने बदली अपनी DP
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली बरसी पर वीर जवानों के पराक्रम को सलाम किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी प्रोफाइल पिक्चर बदलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की तस्वीर लगाई। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है।’
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, ‘हमारी सशस्त्र सेनाओं ने पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। पूरा देश हमारी सेनाओं के शौर्य को सलाम करता है।’
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली बरसी पर भारतीय सेना के साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूत बनाता है।
उन्होंने आगे कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर यह दिखाता है कि जब भी देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय आता है, तब हमारी सेनाएं निर्णायक कार्रवाई के लिए हमेशा तैयार रहती हैं।’
विवेक अग्निहोत्री लाएंगे ‘अनकही कहानी’
इस खास मौके पर फिल्म जगत से भी एक बड़ी खबर सामने आई है। ‘द कश्मीर फाइल्स’ फेम निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री अब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की इनसाइड स्टोरी को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं। इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार के साथ हाथ मिलाया है।
जानकारी के मुताबिक, फिल्म का प्री-प्रोडक्शन अंतिम चरण में है। यह फिल्म केवल एक्शन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि उस रात की जासूसी, रणनीति और पर्दे के पीछे की तैयारियों को भी दिखाएगी। बताया जा रहा है कि विवेक अग्निहोत्री ने इस मिशन की सच्चाई को पर्दे पर उतारने के लिए कई रिटायर्ड अधिकारियों और मिशन का हिस्सा रहे जवानों से मुलाकात की है।
क्या था ‘ऑपरेशन सिंदूर’?
पिछले साल 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में एक दर्दनाक आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में आतंकियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई के तौर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाना था।
इसके बाद 7 मई 2025 को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इस अभियान के तहत भारतीय लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान की सीमा के अंदर जाकर आतंकियों के 9 ठिकानों को निशाना बनाया और उन्हें पूरी तरह तबाह कर दिया। इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की खबर सामने आई थी।
बताया जाता है कि पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई में ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने उन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया। इसके बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया।
Read more:- Greater Noida में AC Blast से लगी भीषण आग, घर का सामान राख

