Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बुधवार की सुबह राहत भरी खबर लेकर आई है। सुबह की तेज धूप और उमस के बाद अचानक मौसम बदल गया है। सुबह 9 बजे के आसपास कई इलाकों में काले बादल छा गए हैं और हल्की हवाएं चलने लगी हैं, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है।
आज का पूर्वानुमान
मौसम विभाग (IMD) ने आज बुधवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। अनुमान है कि दिन भर बादल छाए रहेंगे और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना है। आज अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि, दिन में उमस लोगों को थोड़ा परेशान कर सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान हुआ था फेल
पिछले दो दिनों से मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक नहीं बैठ रहा था। विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके उलट तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन उमस की वजह से यह 40 डिग्री से भी ज्यादा महसूस हो रहा था।
14 मई के बाद शुरू होगा गर्मी का असली तांडव
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत सिर्फ आज के लिए है। कल यानी 14 मई से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी शुरू होगी। इस सप्ताहांत तक पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आने वाले 7 दिनों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।
प्रदूषण का हाल
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 117 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों जैसे फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा में भी AQI 125 से 145 के बीच बना हुआ है।
Read more:- क्या अलग हो रहे हैं Mouni-Suraj? इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को किया अनफॉलो

