NEET UG 2026 Cancelled : मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित नीट यूजी (NEET UG) 2026 परीक्षा को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया है। 3 मई को आयोजित हुई इस परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के डिजिटल सबूत मिलने के बाद यह कड़ा कदम उठाया गया है। भारत सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है।
प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ पेपर
राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि बायोलॉजी के 90 और केमिस्ट्री के करीब 35 सवाल परीक्षा से पहले ही छात्रों तक पहुंच गए थे। सूत्रों के अनुसार, यह क्वेश्चन पेपर किसी प्रिंटिंग प्रेस से लीक किया गया था, जिसे हाथ से लिखे नोट्स के रूप में सोशल मीडिया पर शेयर किए गए। इस मामले में अब तक राजस्थान समेत अन्य राज्यों से 45 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
गेस पेपर का 600 नंबर का खेल
विवाद का मुख्य केंद्र एक ‘गेस पेपर’ बना, जिसमें कुल 410 प्रश्न थे। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि असली परीक्षा के 150 सवाल (कुल 600 अंक) इसी गेस पेपर से हूबहू मेल खा रहे थे। 720 अंकों की कुल परीक्षा में इतने बड़े पैमाने पर प्रश्नों का मिलना सीधे तौर पर बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। इस गिरोह के तार केरल के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे छात्र से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं।
अब CBI के पास केस, देशभर में छापेमारी
NTA ने सिस्टम में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मामले को केंद्रीय एजेंसियों के हवाले किया है। CBI अब इस बात की गहराई से पड़ताल करेगी कि पेपर छपाई के दौरान किस स्तर पर सुरक्षा में चूक हुई और इस संगठित अपराध में कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं। जांच एजेंसियां संदिग्धों के कॉल डिटेल्स, चैट और प्रिंटिंग चेन की बारीकी से स्क्रूटनी कर रही हैं।
छात्रों के लिए राहत
परीक्षा रद्द होने से 22 लाख छात्रों के भविष्य पर सवालिया निशान लग गया था, लेकिन NTA ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही दोबारा परीक्षा (Re-Exam) आयोजित की जाएगी। छात्रों के लिए कुछ महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं:
- परीक्षार्थियों को दोबारा कोई पंजीकरण शुल्क नहीं देना होगा।
- पुराने फॉर्म के आधार पर ही नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
- छात्रों को पुराने परीक्षा केंद्रों पर ही एग्जाम देने की सुविधा मिल सकती है।
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। जल्द ही परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा।
Read more:- क्या अलग हो रहे हैं Mouni-Suraj? इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को किया अनफॉलो

