Sushant Singh Rajput Death Anniversary: वक्त कितनी तेजी से बीत जाता है, इसका अंदाजा शायद तब होता है जब हम मुड़कर पीछे देखते हैं। ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो, लेकिन बॉलीवुड के सबसे चमकते और जिंदादिल सितारों में से एक रहे सुशांत सिंह राजपूत को हमसे दूर गए पूरे छह साल हो चुके हैं। आज 14 जून को अभिनेता की छठवीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर जहां दुनिया भर में मौजूद उनके करोड़ों फैंस की आंखें नम हैं, वहीं उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने भाई को एक बेहद अनोखे तरीके से याद किया है।
श्वेता सिंह कीर्ति ने इंस्टाग्राम पर सुशांत की कुछ पुरानी अनदेखी तस्वीरों के साथ एक बेहद इमोशनल नोट साझा किया है। इसमें सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही है AI की मदद से बनाई गई एक खास तस्वीर, जिसमें सुशांत सिंह राजपूत भगवान श्री राम के रूप में नजर आ रहे हैं। अपनी पोस्ट की शुरुआत करते हुए श्वेता ने लिखा, ‘छह साल बीत गए। समय इतनी तेजी से निकल गया, फिर भी कुछ आत्माएं समय के बंधनों से बहुत ऊपर उठकर अमर हो जाती हैं।
‘श्वेता कहती हैं कि जब भी वह अपने भाई के बारे में सोचती हैं, तो उनके मन में यह ख्याल कभी नहीं आता कि सुशांत इस दुनिया से कैसे गए, बल्कि वह इस बात पर ध्यान देती हैं कि सुशांत ने अपनी जिंदगी कितनी जिंदादिली और गरिमा के साथ जी।
श्वेता ने सुशांत के व्यक्तित्व के उन पहलुओं को याद किया जो उन्हें बाकी अभिनेताओं से अलग बनाते थे। उन्होंने लिखा, ‘मुझे भाई की बच्चों जैसी वो मासूम जिज्ञासा बहुत याद आती है। उन्हें आसमान के सितारों को देखना, ब्रह्मांड के रहस्यों को टटोलना और इंसानी दिमाग को समझने का एक अनोखा जुनून था।’ श्वेता ने आगे बताया कि सुशांत हर छोटे-बड़े इंसान को बराबर इज्जत देते थे और यही उनकी सबसे बड़ी खूबी थी। उन्होंने अपने आस-पास के लोगों को सिखाया था कि अगर आपकी सफलता के साथ दयालुता न हो, तो उस सफलता का कोई खास मोल नहीं रह जाता।
AI फोटो के पीछे की कहानी
यह हालिया पोस्ट तब सामने आई है, जब निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण’ का टीज़र चर्चा में आया था। तब सुशांत को भगवान राम के रूप में दिखाने वाली इस AI-जनरेटेड फोटो को देखकर श्वेता काफी भावुक हो गई थीं।
उस समय अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए श्वेता ने लिखा था, ‘भगवान राम मर्यादा, साहस और पवित्रता के प्रतीक हैं। सुशांत के भीतर भी वही मासूमियत और पवित्रता कूट-कूट कर भरी थी। आज के दौर में कोई भी राम का किरदार उतनी खूबसूरती और पवित्रता से नहीं निभा सकता था, जितना ‘भाई’ निभाते।’
श्वेता ने अपने पोस्ट में लिखा कि इन छह सालों में उन्होंने एक बेहद खूबसूरत बात महसूस की है कि प्यार कभी समय की सीमाओं में नहीं बंधता। भले ही सुशांत शारीरिक रूप से हमारी नजरों से ओझल हो चुके हैं, लेकिन एक खूबसूरत आत्मा के रूप में उनका असर आज भी लाखों जिंदगियों पर साफ देखा जा सकता है।
उन्होंने लिखा- ‘हर बार जब कोई इंसान गुस्से के बजाय दया को चुनता है, अज्ञानता के बजाय कुछ नया सीखना चुनता है, निराशा के रास्ते को छोड़कर उम्मीद का हाथ थामता है, या किसी को परखने के बजाय प्यार बांटता है… तो भाई (सुशांत) जिन मूल्यों के लिए खड़े थे, उनका एक छोटा सा हिस्सा हमेशा के लिए जीवित हो जाता है।’
श्वेता ने सुशांत के सभी चाहने वालों को सलाह दी है कि उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि सिर्फ उनके जाने का अफसोस मनाकर नहीं, बल्कि उनके मूल्यों को जीकर दी जा सकती है। उन्होंने फैंस से हमेशा कुछ नया सीखने की जिज्ञासा रखने, दूसरों के प्रति दयालु रहने, बिना किसी डर के बड़े सपने देखने और इस कठिन दुनिया में भी अपने दिल की मासूमियत व साफ-सफाई को बनाए रखने की भावुक अपील की है।
Read more:- CBS Service Suspended: आधी रात को PM के फोन पर बजा सायरन! सरकार ने अचानक रोकी ‘इमरजेंसी अलर्ट सर्विस’

