1 नवंबर से नोएडा, गुरुग्राम या गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले उन वाहन चालकों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिनके पास पुराने पेट्रोल और डीजल वाहन हैं। दरअसल, इस तारीख से दिल्ली में उन वाहनों के प्रवेश पर रोक लग जाएगी, जो दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड हैं और BS-VI उत्सर्जन मानकों (emission standards) को पूरा नहीं करते हैं। दिल्ली के विंटर पॉल्यूशन-कंट्रोल प्लान (सर्दियों में प्रदूषण नियंत्रण योजना) के तहत, यह पाबंदी 31 जनवरी 2027 तक लागू रहेगी।
ट्रांसपोर्ट विभाग के अनुमान के अनुसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 10 लाख से अधिक ऐसे वाहन हैं जो BS-VI मानकों को पूरा नहीं करते हैं। गुरुग्राम और फरीदाबाद में लगभग दो लाख वाहन ऐसे हैं जो BS-VI नियमों के अनुरूप नहीं हैं। इनमें से करीब 70 प्रतिशत वाहन BS-III और BS-IV श्रेणी के हैं। अनुमानों के मुताबिक, हरियाणा के इन दो जिलों में लगभग 50,000 कमर्शियल वाहन भी ऐसे हैं जो इन मानकों को पूरा नहीं करते हैं।

