Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक अनोखी शादी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है, जहाँ पिंकी शर्मा नाम की लड़की ने पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के साथ शादी रचाई है। इस शादी में पूरा गांव शामिल हुआ। इसमें दावत, हल्दी और लग्न की रस्में भी हुईं।
इस शादी में कन्यादान, सात फेरे और सभी पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। पिंकी ने भगवान कृष्ण की मूर्ति को गोद में लेकर शादी की और उन्हें दूल्हे की तरह सजाया गया। पिंकी के बहनोई के परिवार ने बारात की भूमिका निभाई और पूरे गांव के लोग बाराती बनकर शामिल हुए।
उम्र की बात करें तो पिंकी 28 साल की हैं और पोस्ट ग्रेजुएट हैं। वह बचपन से ही भगवान कृष्ण की भक्त रही हैं। शुरू में जब पिंकी ने अपनी मां को इस शादी के बारे में बताया, तो मां को आपत्ति हुई, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी बेटी की खुशी के लिए इसे मान लिया। शादी के बाद गांव वाले पिंकी को मीरा कहने लगे।

शादी 6 दिसंबर को संपन्न हुई। इस मौके पर भगवान कृष्ण की मूर्ति को दूल्हे की तरह सजाया गया, और पिंकी ने उसे गोद में लेकर स्टेज पर जयमाला डाली। वृंदावन से आए कलाकारों ने इस जश्न में हिस्सा लिया और नृत्य भी किया।
पिंकी के पिता सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि पिंकी बचपन से ही परिवार के साथ अक्सर वृंदावन जाती थीं और शुरू से ही धार्मिक प्रवृत्ति की हैं। करीब चार महीने पहले बांके बिहारी मंदिर में उन्हें ऐसा अनुभव हुआ कि उनका जीवन बदल गया। वहां प्रसाद में उन्हें अपनी आंचल में एक सोने की अंगूठी मिली, जिसे पिंकी ने भगवान कृष्ण का आशीर्वाद माना। उसी दिन उन्होंने तय किया कि वह किसी इंसान से नहीं, बल्कि केवल भगवान कृष्ण से ही शादी करेंगी।
Read more:- Goa nightclub fire tragedy : गोवा के अरपोरा नाइट क्लब में भीषण आग, 2 दर्जन से ज्यादा लोगों ने गंवाई जान
Also Follow HNN24x7 on Youtube

