Bhai Dooj : देशभर में आज भाई-बहन के स्नेह और प्रेम का प्रतीक भाई दूज का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। दीपावली के दो दिन बाद मनाया जाने वाला यह पर्व भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। रक्षाबंधन की तरह यह भी एक ऐसा त्योहार है जो भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, तो वहीं भाई बहनों को उपहार देकर उनका स्नेह स्वीकार करते हैं। भाई दूज को यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर भोजन करने गए थे। तभी से यह परंपरा शुरू हुई कि इस दिन बहनें अपने भाइयों का सत्कार करती हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन बहन के घर जाकर तिलक करवाने से भाई को दीर्घायु और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।
यह है भाई दूज का शुभ मुहुर्त
सुबह से ही देशभर के मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ का दौर चल रहा है। बहनें विधि-विधान से अपने भाइयों का तिलक कर आरती उतार रही हैं। शहरों से लेकर गांवों तक इस पर्व की रौनक देखी जा रही है। तो वहीं मिठाइयों की दुकानों पर भी विशेष चहल-पहल देखने को मिल रही है। पंचांग के अनुसार, भाई दूज का शुभ मुहूर्त आज दोपहर डेढ़ बजे से लेकर 2 बजकर 54 मिनट तक रहेगा। इस समय बहनें अपने भाइयों का तिलक कर सकती हैं। भाई दूज का यह पर्व न केवल पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करता है, बल्कि प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान का संदेश भी देता है।
सिमरन बिंजोला
