Swiss Airlines: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार, 26 अप्रैल की सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 के इंजन में टेकऑफ के दौरान अचानक खराबी आ गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले के कारण विमान में सवार सभी 232 यात्रियों और 13 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना रात करीब 1:08 बजे की है। एयरबस A330 विमान रनवे नंबर 28 से उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी अचानक उसके बाएं इंजन ने काम करना बंद कर दिया और वहां से धुआं निकलने लगा। साथ ही दाईं ओर लैंडिंग गियर के पास आग की लपटें देखी गईं। खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इमरजेंसी की घोषणा कर दी।
इमरजेंसी स्लाइड्स से निकाले गए यात्री
विमान रुकते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड्स के जरिए बाहर निकाला गया। इस दौरान यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री स्लाइड्स का उपयोग नहीं कर पा रहे थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित सीढ़ियों के जरिए नीचे उतारा गया। इस पूरी प्रक्रिया में 6 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
घटना के तुरंत बाद रनवे नंबर 28 को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। विमान में कुल 228 वयस्क और 4 बच्चे सवार थे। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि सभी क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं और यात्रियों की देखभाल की जा रही है।
एयरलाइन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम दिल्ली भेजी जा रही है। स्थानीय टीम प्रभावित यात्रियों के लिए होटल और वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था कर रही है। विमानन अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि टेकऑफ के दौरान इंजन में आग कैसे लगी।
Read more:- वॉशिंगटन में राष्ट्रपति Donald Trump के कार्यक्रम में फायरिंग, हमलावर गिरफ्तार

